दिल्ली में स्टेरॉयड का जखीरा जब्त, सेहत से खिलवाड़ का बड़ा अड्डा बेनकाब
दिल्ली के नजाफगढ़ में एक अवैध केंद्र पर संयुक्त टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई की है। नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी से मिली एक बेहद अहम सूचना के बाद हुई इस छापेमारी में ऐसे ठिकाने का पर्दाफाश हुआ, जहां प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाएं और एक्सपायर्ड फिटनेस सप्लीमेंट्स बेचे जा रहे थे।
जांच में सामने आया कि यह पूरा कारोबार बिना किसी जरूरी लाइसेंस के चल रहा था, जिससे न केवल खिलाड़ियों की सेहत पर, बल्कि आम लोगों के स्वास्थ्य पर भी बड़ा खतरा मंडरा रहा था।
हजारों स्टेरॉयड की जब्ती
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने हजारों की संख्या में स्टेरॉयड की गोलियां, SARMs कैप्सूल और भारी मात्रा में एक्सपायर्ड प्रोटीन पाउडर जब्त किए।
FSSAI के मुताबिक, जब्त किए गए सामान में 85 किलो प्रोटीन और क्रिएटिन के साथ-साथ 45 किलो एक्सपायर्ड सप्लीमेंट्स भी शामिल थे। FSSAI ने इस कार्रवाई को लेकर कहा, "यह उन पदार्थों के वितरण के खिलाफ हमारी तुरंत प्रतिक्रिया है, जिनसे भारतीय खेलों की विश्वसनीयता और आम लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचता है। हम खिलाड़ियों और आम जनता को अनाधिकृत और असुरक्षित उत्पादों से बचाने के लिए पूरी तरह से संकल्पबद्ध हैं।"