झारखंड: हजारीबाग में NTPC के DGM की बाइक सवार बदमाशों ने की गोली मारकर हत्या
क्या है खबर?
झारखंड के हजारीबाग में शनिवार सुबह बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (NTPC) के उपमहाप्रबंधक (DGM) की गोली मारकर हत्या कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया और परिजनों को सूचना कर दी। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
इधर, पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नाकाबंदी कराकर वाहनों की जांच शुरू कर दी है।
वारदात
कैसे हुई खौफनाक वारदात?
हजारीबाग पुलिस अधीक्षक (SP) अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक DGM बिहार के नालंदा निवासी कुमार गौरव हैं। वह NTPC कोल परियोजना के केरेडारी में डिस्पैच डिपार्टमेंट के DGM के पद पर तैनात थे।
उन्होंने बताया कि गौरव सुबह अपने घर से केरेडारी स्थित कार्यालय के लिए निकले थे। सुबह करीब 10 बजे कटकमदाग थाना क्षेत्र के फतहा गांव के पास अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को ओवरटेक कर गोलिया बरसा दी।
मौत
DGM ने अस्पताल में तोड़ा दम
SP सिंह ने बताया कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अन्य लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने DGM को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गौरव की पीठ में गोलियां लगी हैं।
उन्होंने बताया कि इस घटना से आस-पास के इलाके में दहशत है। पुलिस बदमाशों की धर-पकड़ में जुटी है। क्षेत्र में नाकाबंदी कराकर वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपी फरार न हो सके।
मांग
कर्मचारी यूनियन के नेता ने की मुआवजे की मांग
इस घटना के बारे में NTPC कर्मचारी यूनियन से जुड़े एक नेता ने कहा कि यह घटना NTPC के कर्मचारियों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़ा करती है। इस घटना के बाद से कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया है।
उन्होंने कहा NTPC को मृतक DGM के परिवार को भरण-पोषण सहित मुआवजे राशि देनी चाहिए।
इसके अलावा अन्य कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए। इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा।