जमशेदपुर में खड़ी ट्रक से टकराई कार, झारखंड कैबिनेट मंत्री की बेटी समेत 4 की मौत
क्या है खबर?
झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के एक कार मरीन ड्राइव पर खड़ी ट्रक से टकरा गई, जिसमें 4 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में एक झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा भी शामिल हैं। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र में तड़के 3 बजे हुआ है। घटना के समय सफेद स्विफ्ट कार में 4 लोग सवार थे। मृतकों की पहचान तृषा के अलावा, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है।
हादसा
कार के परखच्चे उड़े
घटनास्थल से आई तस्वीरों में ट्रक 4 लेन वाले हाईवे पर दाहिनी ओर डिवाइडर के पास खड़ा दिख रहा है।
ट्रक के पिछले हिस्से में छोटी पेड़ की शाखा फंसी हुई थी, जिससे पता चलता है कि रास्ते में ट्रक खराब होने के कारण उसे वहीं खड़ा कर दिया गया और हटाया नहीं गया। गुरुवार तड़के कार उसमें पीछे से टकरा गई।
हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
हादसा
मौत की खबर से दीपिका सिंह के गांव में मातम
गोड्डा जिले के मेहरमा प्रखंड स्थित मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के पैतृक गांव खिरोधी में हादसे की सूचना मिलते ही मातम पसर गया।
घटना के समय कैबिनेट मंत्री दीपिका अपने गांव के घर पर थीं। वह इलाके में विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए पिछले कुछ दिनों से यहां प्रवास पर थीं।
हादसे की खबर मिलने के बाद वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ जमशेदपुर रवाना हो गई हैं। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
जांच
छात्र आंदोलन के दौरान सक्रिय थीं दीपिका
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता दीपिका गोड्डा जिले के महागामा विधानसभा क्षेत्र की विधायक हैं। पिछले दिनों जब झारखंड में छात्रों का आंदोलन चल रहा था, तब वह सरकार की ओर से छात्रों से संपर्क कर रही थीं।
दीपिका के बेटी की मौत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने पीड़ा व्यक्त की है।
हेमंत सोरेन ने लिखा कि अपनी संतान को खोने का दुःख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए असहनीय होता है।