
झारखंड के जमशेदपुर में करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की सिर में गोली मारकर हत्या
क्या है खबर?
झारखंड के जमशेदपुर में रविवार रात को करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
वारदात को एमजीएम थाना क्षेत्र के बालिगुमा में राष्ट्रीय राजमार्ग- 33 पर अंजाम दिया गया है। गोली विनय के सिर पर मारी गई है। उनका शव जंगल में मिला था।
घटना की जानकारी के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। करणी सेना के लोगों ने राजमार्ग जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
हत्या
घात लगाकर बैठे से हमलावर
विनय की डिमना चौक पर टाइल्स की दुकान है। वे रविवार सुबह 11 बजे घर से दुकान निकले थे।
दोपहर में वे भोजन करने घर आते थे, लेकिन रविवार को शाम 7 बजे तक नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनको फोन किया। फोन बंद आने पर परिजन रात 8 बजे उलीडीह थाना पहुंच गए।
पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की तो उनका शव राजमार्ग पर मिनी पंजाब होटल से 500 मीटर दूर जंगल में पड़ा मिला।
जांच
शव पर लग चुकी थी चीटियां
शव के दाहिने हाथ में पिस्तौल थी और बगल में स्कूटी खड़ी थी। पानी की बोतलें भी आसपास पड़ी थीं।
पुलिस ने बताया कि शव पर काफी चोट के निशान थे। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शव को घसीटा गया है। मौके पर शव पर काफी चीटियां लगी थी, जिससे संभावना जताई जा रही है कि उनकी दोपहर में हत्या की गई थी।
करणी सेना ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 12 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।