LOADING...
पुलवामा हमले का साजिशकर्ता हमजा बुरहान PoK में मारा गया, हमलावरों की पहचान नहीं
पुलवामा हमले का साजिशकर्ता हमजा बुरहान PoK में मारा गया

पुलवामा हमले का साजिशकर्ता हमजा बुरहान PoK में मारा गया, हमलावरों की पहचान नहीं

लेखन गजेंद्र
May 21, 2026
03:18 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 2019 के घातक आतंकी हमले की साजिश रचने वाला मुख्य आतंकवादी अरजुमंद गुलजार उर्फ ​​हमजा बुरहान मारा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसे अज्ञात हमलावरों ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के मुजफ्फरबाद में गोलियों से भून दिया। हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। हमजा बुरहान के शव को कब्जे में ले लिया गया है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई है।

पहचान

कौन है हमजा बुरहान?

हमजा पुलवामा के रत्नीपोरा इलाके के खरबतपोरा का रहने वाला है। उसे 'डॉक्टर' के नाम से भी जानते हैं। वह उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बहाने 2017 में पाकिस्तान चला गया था और प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-बद्र में शामिल हो गया। उसने संगठन में कमांडर के पद तक पदोन्नति पाई थी। उसने दक्षिण कश्मीर में, पुलवामा से लेकर शोपियन तक अपना नेटवर्क फैलाया और युवाओं को भर्ती करना शुरू किया। वह अभी PoK में रहकर साजिश रच रहा था।

हमला

पुलवामा हमले में शहीद हुए थे 40 जवान

14 फरवरी, 2019 को पुलवामा में जम्मू और श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर CRPF के काफिले पर फिदायीन हमला हुआ था, जिसमें 40 जवान शहीद हुए थे। आतंकियों ने विस्फोटक से भरी कार को जवानों के काफिले से टकरा दी थी, जिससे भीषण हमले में जवानों और वाहन के चीथड़े उड़ गए थे। घटना की जांच करने वाली एजेंसियों ने हमले की साजिश के तार पाकिस्तान से जोड़े थे। वह भारत की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल था।

Advertisement

रहस्य

पाकिस्तान में अज्ञात हमलावरों का निशाना

पाकिस्तान में हाल में लश्कर-ए-तैयबा (LeT), जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे समूहों के शीर्ष कमांडरों और आतंकवादियों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमले तेज हो गए हैं। पिछले महीने पहलगाम हमले की पहली बरसी से कुछ दिन पहले लश्कर के संस्थापक सदस्य आमिर हमजा को लाहौर में अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने गोली मार दी थी। इससे पहले, मार्च में, जैश प्रमुख मसूद अजहर के बड़े भाई मोहम्मद ताहिर अनवर की पाकिस्तान में परिस्थितियों में मौत हुई थी।

Advertisement