जम्मू-कश्मीर में लश्कर कमांडर लतीफ भट और CRPF चेकपोस्ट हमले में शामिल आतंकवादी ढेर
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सोमवार को सुरक्षा बलों ने 2 आतंकवादियों को ढेर कर दिया, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर और एक अन्य आतंकी शामिल है। यह घटनाक्रम पिछले हफ्ते केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) चेकपोस्ट पर हमले के बाद सामने आया है, जिसमें आतंकवादियों की मौजूदगी की पुष्टि हुई थी। हमले के बाद इलाके में घेराबंदी की गई थी। मारे गए आतंकवादी की पहचान LeT कमांडर लतीफ भट और चेकपोस्ट हमले में शामिल आतंकवादी के रूप में हुई है।
अभियान
CRPF चेकपोस्ट हमले में शामिल था भट
कुलगाम के लारू गांव में हलचल देखे जाने के बाद इलाके को घेर लिया गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया था। इलाके में सभी प्रवेश और निकास सील कर दिए गए थे।
तलाशी अभियान सेना के शीर्ष अधिकारियों, DGP नलिन प्रभात और कश्मीर रेंज के IGP सुजीत कुमार सिंह की देखरेख में शुरू किया गया था।
इलाके में पिछले कुछ दिनों से सुरक्षा बल सतर्क थे और चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही थी।
पहचान
जम्मू-कश्मीर का निवासी था भट
सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि भट कुलगाम में ख्रेवान चाडर में रह रहा था। उसने कॉलेज में दाखिल लिया था, लेकिन पढ़ाई बीच में छोड़ दी।
भट स्थानीय दुकान पर बढ़ई का काम करता था, लेकिन नवंबर 2025 में अचानक घर से चला गया, जिसके बाद परिवार ने 19 नवंबर को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
बाद में वह LeT में शामिल हो गया और जम्मू-कश्मीर में कई गतिविधियां चलाई। वह शोपियां में चलाए अभियान में बच गया था।
हमला
11 नवंबर को हुआ था चेकपोस्ट पर हमला
कुलगाम में CRPF पोस्ट पर 11 नवंबर को 2 भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने चेकपोस्ट पर गोलीबारी की थी, जिसमें CRPF के 3 जवान घायल हो गए थे।
इसके बाद पुलिस और सेना ने तलाशी अभियान शुरू किया। तभी 12 नवंबर को 2 स्पेशल पुलिस अधिकारियों के गोलियों से छलनी शव किश्तवाड़ जिले के दूर-दराज के दच्छन जंगल इलाके से बरामद किए गए।
वे हमले के एक दिन बाद ड्यूटी पर जाते समय लापता हो गए थे।
आतंकी
जम्मू-कश्मीर का सक्रिय अंतिम आतंकी बताया जा रहा भट
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भट घाटी में द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) और कश्मीर रिवोल्यूशनरी आर्मी (KRA) जैसे संगठनों को आगे बढ़ा रहा था।
जुलाई 2026 में शोपियां में एक अभियान के दौरान भट बच निकला था। उसके साथ जाकिर अहमद गनी भी था, जो बाद में मार गिराया गया था।
पुलिस का कहना है कि भट घाटी में सक्रिय आखिरी स्थानीय आतंकियों में शामिल था। वह दक्षिण कश्मीर में भी कई हमले कर चुका था।