जम्मू-कश्मीर: डोडा में राइफल छीनने की कोशिश में एक व्यक्ति की मौत, जिले में इंटरनेट निलंबित
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार रात को हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के 3 जवान घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई, जब एक व्यक्ति ने सुरक्षाकर्मियों से उनकी सर्विस राइफल छीनने की कोशिश की थी। घटना के बाद एक धार्मिक उपदेशक हिरासत में है। सुरक्षा बनाए रखने और हालात को देखते हुए डोडा शहर, भदेरवाह, भलेसा और थात्री सहित पूरे डोडा जिले में इंटरनेट सेवाएं निलंबित हैं।
इंटरनेट
क्या है गोलीबारी की घटना?
सुरक्षा बलों को गुरुवार को एक ऊंचाई वाले क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी, जिसके बाद SOG टीम ने भदेरवाह कस्बे से करीब 35 किलोमीटर दूर जाई-गांडोह सड़क पर घात लगाकर हमला करने की योजना बनाई।
तभी रात साढ़े 11 बजे, टीम ने चीका गांव निवासी आरिफ हुसैन (30) को रोका, जिसने जवानों पर हमला कर दिया और राइफल छीनने का प्रयास किया।
इसी दौरान गोली चल गई, जो युवक को लगी और 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए।
सुरक्षा
पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
घटना के बाद भदेरवाह कस्बे में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एहतियात के तौर पर इलाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और जम्मू और कश्मीर पुलिस के अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया है।
सुरक्षा बलों ने जाई क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया है और संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि इंटरनेट सुरक्षा जांच पूरा होने के बाद बहाल किया जा सकता है। यह सुरक्षा की दृष्टि से जरूरी बताया गया है।