जम्मू-कश्मीर के कठुआ में 24 वर्षीय ट्रक चालक गिरफ्तार, ISI को भेज रहा था संवेदनशील फुटेज
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के कठुआ से एक 24 वर्षीय ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है, जिस पर पाकिस्तान स्थित अंतर-सेवा खुफिया एजेंसी (ISI) से संपर्क करने का आरोप है। आरोपी की पहचान अमन के रूप में हुई है। आरोप है कि वह सैन्य ठिकानों की रेकी कर ISI के एजेंटों को संवेदनशील फुटेज और जानकारी मुहैया करा रहा था। उस पर जासूसी और विध्वंसक गतिविधियों के लिए ISI से निर्देश प्राप्त करने का आरोप है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
जांच
हनी ट्रैप में फंसने के बाद शुरू की जासूसी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमन को कथित तौर पर हनी ट्रैप में फंसाया गया था, जिसके बाद उसने संवेदनशील जानकारी और फुटेज भेजना शुरू कर दिया।
अमन ने कथित तौर पर सीमा के पास की सड़क पर निगरानी रखने के लिए अपने घर के बाहर सिम आधारित CCTV कैमरा लगाया था।
कैमरा लगाने के लिए उसे 20,000 रुपये मिले थे, जिसका इस्तेमाल फुटेज रिकॉर्ड करने के लिए किया गया था और यह फुटेज पाकिस्तानी एजेंसी को दी गई थी।
जांच
अमन के फोन की जांच शुरू
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि उसने अमन का फोन जब्त कर लिया है और उसकी फोरेंसिक जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि अमन पर आरोप है कि उसने संवेदनशील फुटेज की आपूर्ति की, सैन्य प्रतिष्ठानों की रेकी की और पाकिस्तान स्थित एजेंटों के लिए जानकारी और तस्वीरें एकत्र कीं है।
बता दें कि कुछ दिन पहले कठुआ के हीरानगर सेक्टर में पाकिस्तानी घुसपैठिया गिरफ्तार हुआ है।