Page Loader
जम्मू-कश्मीर: उपराज्यपाल सिन्हा ने आतंकवादियों से संबंध के मामले में 3 सरकारी कर्मचारियों को बर्खास्त किया
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकियों से संबंध रखने वाले कर्मचारियों पर की कार्रवाई

जम्मू-कश्मीर: उपराज्यपाल सिन्हा ने आतंकवादियों से संबंध के मामले में 3 सरकारी कर्मचारियों को बर्खास्त किया

Feb 15, 2025
02:16 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा आतंकवाद और आतंकियों का साथ देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने शनिवार को आतंवादियों से संबंध रखने के चलते 3 सरकारी कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया। बर्खास्त कर्मचारियों में जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक कांस्टेबल, एक शिक्षक और सहायक कर्मचारी शामिल है। ये तीनों विभाग में रहते हुए आतंकियों को लगातार गुप्त सूचनाएं दे रहे थे। हालांकि, बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और वर्तमान में जेल में बंद हैं।

आदेश

उपराज्यपाल ने सुरक्षा समीक्षा बैठक के बाद लिया फैसला

उपराज्यपाल सिन्हा ने तीनों दोषी कर्मचारियों को बर्खास्त करने का फैसला सुरक्षा समीक्षा बैठक के एक दिन बाद लिया है। उस बैठक में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में उपराज्यपाल ने आतंकवादियों के खिलाफ और उन्हें समर्थन देने वाले लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए थे। बर्खासत किए गए तीनों कर्मचारियों की पहचान फिरदौस भट्ट, निसार अहमद खान और अशरफ भट के रूप में हुई है।

बयान

आतंकवादियों के सहयोगियों को चुकानी होगी कीमत- उपराज्यपाल 

उपराज्यपाल सिन्हा ने कुछ दिन पहले कहा था कि आतंकवादियों का समर्थन करने वालों की इसकी कीमत चुकानी होगी। जो भी ऐसा अपराध करेगा उसे छोड़ा नहीं जाएगा और उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि उपराज्यपाल सिन्हा ने कुछ महीने पहले भी सेना और स्थानीय पुलिस को आतंकी संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आदेश दिया था। उन्होंने कहा था कि उनकी ओर से पुलिस और सेना को आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की खुली छूट है।