बेंगलुरु में ISRO मुख्यालय को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी
क्या है खबर?
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में स्थित अत्यंत संवेदनशील भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के मुख्यालय अंतरिक्ष भवन को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस ने बताया कि धमकी ISRO के आधिकारिक ईमेल पर रविवार रात 9 बजे भेजी गई है, जिसे सुबह 10:45 बजे ISRO के कर्मचारियों ने देखा। धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों को सूचना दी गई, जिसके बाद पूरे परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।
धमकी
परिसर को खाली कराकर हुई जांच
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, अंग्रेजी में लिखे ईमेल में दावा था कि ISRO मुख्यालय के अंदर बम लगाया गया है, जो दोपहर 2 बजे तक विस्फोट हो जाएगा। इसके बाद पूरे स्टाफ को बाहर निकाला गया और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और पुलिस ने गहन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने पीन्या औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ISRO टेलीमेट्री ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क कार्यालय में भी एहतियाती जांच की थी।
धमकी
2 जुलाई को भी मिली थी धमकी
इससे पहले 2 जुलाई को भी मुख्यालय को धमकी भरा ईमेल मिला था, जिसमें तमिल भाषा लिखी थी। इस मामले में, पुलिस ने ईमेल का पता उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से लगाया और 3 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जो 36 वर्षीय निशांत त्यागी था। वह मानसिक रूप से बीमार है। हालांकि, उसे सक्षम अधिकारी के पास पूछताछ के लिए बुलाया गया है। सोमवार को मिली धमकी की जांच भी शुरू कर दी गई है।