UAE के तेल बंदरगाह पर ईरानी हमले में 3 भारतीय घायल, प्रधानमंत्री मोदी ने निंदा की
क्या है खबर?
अमेरिका और ईरान में युद्धविराम के बीच सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पर ताजा ईरानी हमलों ने पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा दिया है। ईरान ने फुजैराह ऑयल इंडस्ट्रियल जोन में मिसाइल और ड्रोन हमला किया, जिससे संयंत्र में आग लग गई। हमले में 3 भारतीय भी घायल हुए हैं। इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया है।
बयान
प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, 'UAE पर हुए हमलों की हम कड़ी निंदा करते हैं, जिनमें 3 भारतीय नागरिक घायल हो गए। नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बिल्कुल स्वीकार्य नहीं। भारत UAE के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और बातचीत तथा कूटनीति के जरिए सभी मुद्दों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रति अपना समर्थन दोहराता है।' उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना, क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बयान
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने दिया था बयान
विदेश मंत्रालय ने फुजैराह पर हमलों को लेकर एक बयान कहा, "फुजैराह में 3 भारतीय नागरिकों के घायल होने की घटना अस्वीकार्य है। हम इन शत्रुताओं को तत्काल समाप्त करने, नागरिक बुनियादी ढांचे और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने पर रोक लगाने का आह्वान करते हैं। भारत संवाद-कूटनीति का समर्थक है, ताकि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल हो। हम अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार होर्मुज से निर्बाध नौवहन और व्यापार की भी मांग करते हैं।"
हमला
UAE ने 3 मिसाइलों को रोका
इससे पहले अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने कहा था कि वह हमले में प्रभावित लोगों की सहायता के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। UAE ने बताया कि ईरान ने हालिया हमले के दौरान 4 क्रूज मिसाइलें दागीं थी, जिसमें 3 को वायु रक्षा प्रणालियों ने रोक लिया, जबकि चौथी मिसाइल समुद्र में गिर गई। इसी बीच, ड्रोन हमले के कारण फुजैराह तेल उद्योग क्षेत्र में आग लगी, जो ऊर्जा निर्यात का महत्वपूर्ण क्षेत्र है।
बयान
UAE ने कहा- हमलों का जवाब देने का अधिकार सुरक्षित
फुजैराह का रणनीतिक महत्व है क्योंकि यह UAE को होर्मुज जलडमरूमध्य को दरकिनार कर ओमान की खाड़ी के माध्यम से तेल निर्यात की अनुमति देता है। हमले के बाद दुबई और अबू धाबी सहित प्रमुख शहरों के निवासियों को संभावित मिसाइल खतरों की चेतावनी देने वाले आपातकालीन अलर्ट जारी हुए हैं। UAE के विदेश मंत्रालय ने हमलों को 'विश्वासघाती' बताया और कहा कि ये राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सीधा खतरा हैं और UAE जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार रखता है।