दिल्ली: उड़ान में देरी होने से भड़का यात्री, पायलट पर किया हमला; देखें वीडियो
दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंडिगो की एक उड़ान में देरी से गुस्साए एक यात्री ने पायलट को थप्पड़ दे मारा। पायलट पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और यात्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी यात्री को नो-फ्लाई सूची में डाला जा सकता है। दूसरी तरफ इंडिगो उड़ानों में देरी के लिए यात्रियों से खेद प्रकट किया है।
क्या है पूरा मामला?
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना इंडिगो की उड़ान संख्या 6E2175 में हुई। दरअसल, शुरुआती टीम ने फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) का उल्लंघन किया था। उनकी जगह नए चालक दल ने ली और उड़ान में देरी की घोषणा की। पहले ही उड़ान में कई घंटों की देरी हो चुकी थी, जिससे यात्रियों में गुस्सा था और एक नाराज यात्री ने गुस्से में पायलट को थप्पड़ जड़ दिया। आरोपी की पहचान साहिल कटारिया के तौर पर हुई है।
वायरल हो रहे वीडियो में क्या है?
इस पूरी घटना का वीडियो किसी यात्री ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पायलट अनूप कुमार उड़ान में देरी की घोषणा कर रहे हैं, तभी कटारिया उठकर आया और उसने अनूप को थप्पड़ दे मारा। कटारिया ने पीले रंग की हुडी पहनी हुई थी और चिल्लाकर बोल रहा है, 'चलना है तो चल, वरना गेट खोल।' चालक दल की महिला सदस्य यात्री को दूर करती है।
देखें वायरल वीडियो
सोशल मीडिया पर लोगों ने यात्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग पायलट को थप्पड़ मारने वाले यात्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'पायलट या चालक दल का देरी से क्या लेना-देना है? वे बस अपना काम कर रहे थे। इस आदमी को गिरफ्तार करें और इसे नो-फ्लाई सूची में डाल दें।' कई यूजर्स ने इस यात्री के खिलाफ मामला दर्ज करने तक की मांग की है।
कोहरे के कारण उड़ानों में हो रही देरी
फ्लाइट ट्रैकर वेबसाइट फ्लाइट रडार 24 के अनुसार, यह घटना तब सामने आई जब दिल्ली हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में उड़ानों में देरी हो रही है। घने कोहरे के कारण आज 110 उड़ानों में देरी हुई और 79 उड़ानें रद्द कर दी गईं। औसत देरी 50 मिनट तक पहुंच गई है, जिससे पहले से ही देरी से परेशान यात्रियों की निराशा बढ़ गई। रविवार को भी कई उड़ानों को 7-8 घंटे तक की देरी का सामना करना पड़ा था।
न्यूजबाइट्स प्लस
FDTL एक तरह के नियम होते हैं, जिन्हें नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने निर्धारित करता है। इसका उद्देश्य पायलटों और चालक दल के अन्य सदस्यों को आराम देने और उन्हें थकान से उबरने के लिए पर्याप्त समय देना होता है। ये नियम सुरक्षा जोखिमों को कम करने में सहायक रहे हैं। हाल ही में इसमें संशोधन कर साप्ताहिक आराम की अवधि को 36 घंटे से बढ़ाकर 48 घंटे किया गया था।