भारतीय रेलवे ने आज से बढ़ाया रेल किराया, जानिए यात्रियों पर कितना पड़ेगा बोझ
क्या है खबर?
भारतीय रेलवे से सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर शुक्रवार 26 दिसंबर से थोड़ा बोझ बढ़ने वाला है। रेलवे ने जुलाई में किराया बढ़ोतरी के बाद दिसंबर में एक बार फिर किराया संशोधन किया है। रेल मंत्रालय के मुताबिक, नए किराए संशोधन के तहत 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा पर अब अधिक पैसा चुकाना पड़ेगा। किराया वृद्धि 1 पैसे प्रति किलोमीटर से लेकर 2 पैसे प्रति किलोमीटर तक की गई है, जो सभी ट्रेनों पर लागू होगी।
असर
द्वितीय श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों पर कितना पड़ेगा असर?
रेलवे के मुताबिक, अगर यात्री ट्रेन में द्वितीय श्रेणी की साधारण यात्रा करता है तो उसे 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा पर 1 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से अतिरिक्त पैसा देना होगा। अगर यात्री ने 216 से 750 किलोमीटर की यात्रा की तो उसे 5 रुपये, 751 से 1,250 किलोमीटर के लिए 10 रुपये, 1,251 से 1,750 किलोमीटर के लिए 15 रुपये और 1,751 से 2,250 किलोमीटर की यात्रा के लिए 20 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
असर
स्लीपर और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों पर असर
स्लीपर क्लास और फर्स्ट क्लास साधारण के किराए में गैर-उपनगरीय यात्राओं के लिए प्रति किलोमीटर 1 पैसा की एकसमान वृद्धि की जाएगी,। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में स्लीपर, फर्स्ट क्लास, AC चेयर कार, AC थ्री-टियर, AC टू-टियर और AC फर्स्ट क्लास सहित नॉन-AC और AC दोनों श्रेणियों के किराए में 2 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि होगी। उदाहरण के तौर पर, नॉन-AC डाक या एक्सप्रेस कोच में 500 किलोमीटर की यात्रा करने वाले यात्रियों को 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
कारण
रेलवे ने बताया- क्यों बढ़ाया किराया?
रेलवे ने किराया बढ़ोतरी के पीछे तर्क दिया है कि वह यात्रियों की वहनीयता और रेलवे संचालन की स्थिरता के बीच संतुलन बनाना चाहता है। रेलवे का कहना है कि उसने उपनगरीय ट्रेनें, मासिक सीजन टिकट और 215 किमी तक की साधारण यात्रा पर कोई बढ़ोतरी नहीं की है। यानी कम दूरी के यात्रियों पर असर नहीं होगा। इससे रेलवे को वित्तीय वर्ष में करीब 600 करोड़ रुपये के अतिरिक्त राजस्व की उम्मीद है।
जानकारी
इन ट्रेनों की यात्रा होगी महंगी
रेलवे का संशोधित किराया राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत एक्सप्रेस, तेजस, गतिमान, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, अंत्योदय, जन शताब्दी, युवा एक्सप्रेस और नमो भारत रैपिड रेल सहित कई सेवाओं पर लागू होगा। संशोधित किराया 26 दिसंबर या उसके बाद बुक टिकटों पर लागू होगा।
किराया
एक साल में 2 बार बढ़ाया किराया
रेलवे ने इससे पहले जुलाई में भी किराया बढ़ोतरी की थी। तब भी इसे मामूली संशोधन बताया गया था। रेलवे ने नॉन-उपनगरीय साधारण ट्रेनों और मेल, एक्सप्रेस ट्रेनों में, नॉन-AC श्रेणी में आधे पैसे से 1 पैसा प्रति किमी और AC श्रेणी में 2 पैसे प्रति किमी की बढ़ोतरी की थी। उपनगरीय (लोकल) ट्रेनें, मासिक टिकट और छोटी दूरी (कुछ मामलों में 500 किमी तक) पर कोई बदलाव नहीं किया गया था। इससे पहले 2020 में किराया बढ़ा था।