सऊदी के रियाद हवाई अड्डे पर हूती हमले में घायल भारतीय ने ICU में दम तोड़ा
क्या है खबर?
सऊदी अरब के रियाद हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हूती विद्रोहियों के हमले में घायल एक भारतीय नागरिक ने बुधवार को दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी सऊदी में भारतीय दूतावास ने दी। उसने बताया कि घटना के बाद वह परिवार के साथ हर परिस्थिति में खड़ा था। दूतावास का कहना है कि परिवार उनके शव को भारत लाना चाहे या रियाद में ही अंतिम संस्कार कराना चाहे, तो वह इसके लिए हरसंभव मदद कर रहे हैं।
घटना
दूतावास ने क्या बताया?
दूतावास ने बताया, 'भारी मन से हम यह जानकारी दे रहे हैं कि 10 अक्टूबर को रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल एक और भारतीय नागरिक का ICU में निधन हो गया है। हम इस पूरी अवधि में उनके परिवार के साथ रहे हैं और अभी भी उनके साथ खड़े हैं। परिवार की इच्छा के अनुसार, उनके पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने या रियाद में ही अंतिम संस्कार के लिए हम हरसंभव सहायता करेंगे।'
हमला
हमले में मारे गए थे 12 लोग
रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 10 अक्टूबर को हुए हमले में 12 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई थी और 309 अन्य घायल हो गए थे।
तब रियाद में दूतावास ने बताया था कि हमले में घायल 11 भारतीय नागरिकों में से एक की जान चली गई है। अन्य का इलाज चल रहा है।
इसके बाद 11 अक्टूबर को भी हवाई अड्डे के पैसेंजर टर्मिनल पर फिर से एक प्रोजेक्टाइल गिरा था।