NEET-UG लीक से हड़कंप: IMA ने NTA को घेरा
NEET-UG 2026 का पेपर लीक होने के बाद भारतीय मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने कड़ी नाराजगी जताई है। IMA ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर सवाल उठाए हैं और मांग की है कि पेपर लीक में जो भी लोग शामिल हैं, उन्हें जल्द से जल्द कड़ी सजा दी जाए। बड़ी संख्या में छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है और पिछली लीक की घटनाएं अभी भी लोगों के जहन में ताजा हैं। ऐसे में इस परीक्षा की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
IMA ने CBI जांच और NEET-UG सुधार की मांग की
IMA ने इस मामले में बड़े बदलावों की ज़रूरत बताई है। उन्होंने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से पूरे मामले की जांच करवाने की मांग की है। साथ ही उनका कहना है कि इसमें शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए IMA परीक्षा को ऑनलाइन कराने और राज्यों को इसके आयोजन की जिम्मेदारी सौंपने जैसे सुधारों पर भी जोर दे रही है।
इसके अलावा, संस्था ने दोबारा परीक्षा की तारीखों के बारे में साफ जानकारी देने और इस परेशानी में फंसे छात्रों को हर संभव सहायता देने की मांग की है। उनका तर्क है कि किसी और की गलती की वजह से छात्रों का भविष्य खराब नहीं होना चाहिए।