Page Loader
कोरोना वायरस: भारत में बीते दिन 60,975 नए मामले, लगातार दूसरे दिन मामलों में गिरावट

कोरोना वायरस: भारत में बीते दिन 60,975 नए मामले, लगातार दूसरे दिन मामलों में गिरावट

Aug 25, 2020
09:59 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 60,975 नए मामले सामने आए और 848 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 31,67,323 हो गई है, वहीं 58,390 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या 7,04,348 हो गई है। देश में लगातार दो दिन से मामलों में कमी आ रही है और कल 61,408 नए मामले सामने आए थे।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

पिछले 24 घंटे में ठीक हुए रिकॉर्ड मरीज

अगर ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 66,550 मरीज ठीक हुए जो अब तक एक दिन में सबसे अधिक हैं। इसी के साथ देश में ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 24,04,585 हो गई है और रिकवरी रेट 75.91 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 9,25,383 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 3.68 करोड़ टेस्ट हो चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र पहले स्थान पर बना हुआ है। यहां अब तक 6,93,398 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 22,465 मरीजों की मौत हुई है। वहीं दूसरे स्थान पर काबिज तमिलनाडु में अब तक 3,85,352 मामले सामने आए हैं और 6 614 मरीजों की मौत हुई है। 3,368 मौत और 3,61,712 मामलों के साथ आंध्र प्रदेश और 4,810 मौत और 2,83,665 मामलों के साथ कर्नाटक अगले दो सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

कम टेस्ट के कारण ज्यादातर राज्यों में नए मामलों में कमी

नए मामलों की बात करें तो सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र में बीते दिन 11,015 नए मामले सामने आए और 212 मरीजों की मौत हुई। वहीं आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 8,601 और तमिलनाडु में 5,967 नए मामले सामने आए। कर्नाटक में बीते दिन 5,851 नए मामले सामने आए। राज्य में लगातार दूसरे दिन नए मामलों में कमी आई है और इससे पहले कल 5,938 नए मामले सामने आए थे।

डाटा

दिल्ली में बीते दिन 1,061 नए मामले, बढ़ रही टेस्ट पॉजिटिविटी रेट

दिल्ली की बात करें तो यहां कुल 162,527 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 4,313 की मौत हुई है। बीते दिन यहां 1,061 नए मामले सामने और 13 लोगों की मौत हुई। शहर की टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 7.4 प्रतिशत है।

वैश्विक स्थिति

ये है दुनिया की स्थिति

'जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी' के अनुसार, दुनियाभर में अब तक 2.35 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 8.11 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में लगभग 57.39 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 1.77 लाख लोगों की मौत हुई है। वहीं ब्राजील में 36.22 लाख संक्रमितों में से 1.15 लाख मरीजों की मौत हुई है। भारत संक्रमितों की संख्या के मामले में तीसरे और मौतों के मामले में चौथे स्थान पर है।