कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 1 लाख नए मामले, 4 अप्रैल के बाद सबसे कम
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,00,636 नए मामले सामने आए और 2,427 मरीजों की मौत हुई। ये 4 अप्रैल के बाद एक दिन में सामने आए सबसे कम नए मामले हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,89,09,975 हो गई है। इनमें से 3,49,186 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या कम होकर 14,01,609 रह गई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 1.74 लाख मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 1,74,399 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 2,71,59,180 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 93.94 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 15,87,589 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में 36.63 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
महाराष्ट्र में मरने वालों की संख्या 1 लाख पार
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 58,31,781 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,00,130 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में अब तक 26,95,523 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 31,580 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 26,33,082 मामलों और 9,946 मौतों के साथ केरल और 22,37,233 मामलों और 27,005 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 12,557 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 233 मरीजों की मौत हुई। राज्य में संक्रमण की रफ्तार घटने से हालात काबू में नजर आ रहे हैं।
इसी तरह कर्नाटक में 12,209 लोगों को संक्रमित पाया गया और 320 मरीजों की मौत हुई, वहीं केरल में 14,672 मामले सामने आए और 227 मौतें हुईं।
तमिलनाडु में 20,421 नए मामले सामने आए और 434 मरीजों की मौत हुई।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 23,27,86,482 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 13,90,916 खुराकें लगाई गईं। वैक्सीनेशन की धीमी रफ्तार बड़ी चिंता का विषय बनी हुई है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 17.24 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 17.32 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 37.26 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.34 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और लगभग 5.98 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
वहीं तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 1.69 करोड़ संक्रमितों में से लगभग 4.73 लाख मरीजों की मौत हुई है।