LOADING...
नेपाल के भूकंप प्रभावित 8 जिलों में 14 स्कूल बनाएगा भारत, 35.03 करोड़ रुपये की मदद
नेपाल में 2015 में आया था सबसे भयानक भूकंप (फाइल तस्वीर)

नेपाल के भूकंप प्रभावित 8 जिलों में 14 स्कूल बनाएगा भारत, 35.03 करोड़ रुपये की मदद

लेखन गजेंद्र
May 28, 2026
07:02 pm

क्या है खबर?

भारत ने अपने पड़ोसी देश नेपाल में भूकंप से क्षतिग्रस्त स्कूलों के निर्माण के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। केंद्र सरकार की ओर से भूकंप प्रभावित 8 जिलों के 14 स्कूलों में पुनर्निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए 56.02 करोड़ नेपाली रुपये (35.02 करोड़ रुपये) की मदद की जाएगी। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि नेपाल के शिक्षा और खेल मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय स्तरीय परियोजना कार्यान्वयन इकाई ने विद्यालय निर्माण के लिए समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।

मदद

इन जिलों में बनेंगे स्कूल

दूतावास के मुताबिक, नेपाल के गोरखा, नुवाकोट, धाडिंग, दोलखा, काठमांडू, कावरेपालंचोक, रामेछाप और सिंधुपालचोक जिलों में स्कूल बनाए जाएंगे। ये वे क्षेत्र हैं जो पिछले कई वर्षों में देश में आए भूकंपों से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। सभी 14 संस्थान नेपाल सरकार द्वारा निर्धारित भूकंपरोधी भवन निर्माण संहिता के अनुरूप ही निर्मित किए जाएंगे, जहां मजबूत संरचनात्मक ढांचों के अलावा, उन्नत सुविधाओं युक्त कक्षाएं, समर्पित शैक्षणिक ब्लॉक और पुरुष एवं महिला छात्रों के लिए अलग-अलग स्वच्छता सुविधाएं होंगी।

निर्माण

भारत ने पहले भी की है मदद

यह पहली बार नहीं है, जब भारत ने नेपाल को ऐसा सहयोग दिया है। इससे पहले भारत की भूकंप-पश्चात पुनर्वास योजना के तहत 8 जिलों में 70 विद्यालयों का निर्माण कराया गया था और त्रिभुवन विश्वविद्यालय का केंद्रीय पुस्तकालय तैयार हुआ था। इनको जनवरी 2024 में आधिकारिक तौर पर नेपाली अधिकारियों को सौंपा जा चुका है। बता दें कि नेपाल में 2015 में सबसे भीषण भूकंप आया था, जिसमें लगभग 9,000 लोग मारे गए थे।

Advertisement