भारत ने 4 दिन में 3 जहाजों पर हमले के बाद अमेरिकी राजनयिक को किया तलब
क्या है खबर?
भारत ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के तट पर 4 दिन के अंदर 3 जहाजों पर हमलों के बाद एक बार फिर अमेरिकी राजनयिक को तलब किया है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रावर को अमेरिकी चार्ज डी'अफेयर्स जेसन मीक्स को दूसरी बार बुलाया और गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाले जहाज एमटी जलवीर पर हुए अमेरिकी हमले के बाद औपचारिक विरोध दर्ज कराया। इस जहाज में 20 भारतीय नाविक सवार थे और 4 दिनों में यह इस तरह का तीसरा हमला है।
बयान
विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान
अमेरिकी राजनयिक को तलब करने के बाद मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि उसने लगातार हमलों को लेकर मीक्स के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया और घातक बल के इस्तेमाल पर गहरी चिंता जताई। मंत्रालय ने हमले अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि ऐसे हमले मुश्किल समय में अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा और स्थिरता को कमजोर करती हैं। उन्होंने मीक्स से इन चिंताओं को अधिकारियों तक पहुंचाने और नागरिकों को बचाने के लिए जरूरी कदम उठाने का आग्रह किया।
हमला
अमेरिकी हमले में 3 भारतीयों की गई है जान
ओमान तट के पास अमेरिका जलवीर के अलावा एमटी मारिवेक्स और एमटी सेट्टेबेलो तेल टैंकर पर हमला कर चुका है। एमटी मारिवेक्स में 24 भारतीय नाविक सवार थे, जिनको संकटकालीन सूचना मिलने के बाद बचा लिया गया। एमटी सेट्टेबेलो में भी 24 भारतीय नाविक सवार थे, लेकिन हमले के बाद 21 को बचाया जा सका और 3 लापता हो गए। एक दिन बाद तीनों के शव बरामद हुए। घटना को लेकर विपक्ष केंद्र सरकार पर हावी है।
हमला
नाकाबंदी का उल्लंघन करने पर बनाया निशाना
अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने एक बयान में ओमान तट पर लगातार 2 तेल टैंकर पर हमला करने के बाद बयान जारी कर इसे नाकाबंदी का उल्लंघन करने पर हमला बताया है। सेना ने कहा कि USS अब्राहम लिंकन (CVN 72) के एक F/A-18 सुपर हॉर्नेट ने पलाऊ ध्वज वाले एमटी मारिवेक्स और एमटी सेट्टेबेलो के इंजन कक्ष पर सटीक हमला किया था। सेना ने बताया कि जहाज अमेरिकी चेतावनियों का लगातार उल्लंघन कर रहे थे।