परमाणु ऊर्जा की ताकत बढ़ाने के लिए भारत का बड़ा कदम, कनाडा के साथ 25 समझौते
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने भारत के चार दिवसीय दौरे पर आए कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ 25 महत्वपूर्ण समझौते किए हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) बातचीत की शुरूआत होने के साथ परमाणु ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और कृषि क्षेत्र में भी समझौते किए गए हैं। आइए, इन्हें विस्तार से समझते हैं।
समझौता
परमाणु ऊर्जा विभाग और कनाडा की कंपनी के बीच क्या हुआ समझौता
परमाणु ऊर्जा विभाग और कनाडा की कंपनी कैमेको के बीच यूरेनियम अयस्क सांद्रण की आपूर्ति के लिए वाणिज्यिक अनुबंध हुआ है। यह 1.76 लाख करोड़ रुपये का एक दीर्घकालिक अनुबंध है, जिससे भारत में परमाणु ऊर्जा के विस्तार को लाभ होगा। यह समझौता भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के लिए 2047 तक 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा प्राप्त करने के दृष्टिकोण में योगदान देगा। साथ ही, समझौता भारत में विश्वसनीय परमाणु ऊर्जा और स्वच्छ स्थिर बिजली को बढ़ावा देता है।
समझौता
CEPA समझौता कितना लाभदायक है?
दोनों देशों के बीच CEPA की दिशा में बातचीत शुरू करने के लिए संदर्भ की शर्तें (ToR) को अंतिम रूप दिया गया है। ToR से वस्तुओं और सेवाओं के व्यापार के साथ-साथ अन्य सहमत नीति क्षेत्रों को कवर करने वाले एक महत्वाकांक्षी, संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी चर्चाओं का मार्गदर्शन होगा। एक बार CEPA होने के बाद भारत-कनाडा के आर्थिक संबंधों को मजबूती मिलेगी और 2030 तक 4.57 लाख करोड़ (50 अरब डॉलर) का द्विपक्षीय लक्ष्य हासिल होगा।
तकनीक
तकनीक के क्षेत्र में क्या समझौते हुए?
प्रौद्योगिकी-नवाचार में सहयोग के लिए भारत-कनाडा-ऑस्ट्रेलिया त्रिपक्षीय समझौता हुआ है, जो ACITI साझेदारी के तहत उभरती प्रौद्योगिकियों और नवाचार में त्रिपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देगा। ग्लोबलिंक रिसर्च इंटर्नशिप के लिए अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) और कनाडा की मिटैक्स के बीच समझौता हुआ, जो 2027 से शुरू होकर 3 साल तक चलेगा। इसमें हर साल 300 भारतीय छात्र विज्ञान, इंजीनियरिंग, गणित, मानविकी, सामाजिक विज्ञान समेत विभिन्न शैक्षणिक विषयों में कनाडाई प्रोफेसरों की देखरेख में पूर्णतः वित्तपोषित इंटर्नशिप कर सकेंगे।
तकनीक
दलहन प्रोटीन उत्कृष्टता केंद्र और AI केंद्र की स्थापना
सोनीपत के कुंडली में स्थित राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (NIFTEM-K) में संयुक्त दलहन प्रोटीन उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना होगी। इससे खाद्य प्रसंस्करण क्षमताओं और पोषण-संवेदनशील खाद्य प्रणालियों को मजबूती मिलेगी। उन्नत प्रोटीन निष्कर्षण और पोषक तत्वों से भरपूर दाल उत्पादों का विकास होगा। इसके अलावा, कनाडा की मैकगिल विश्वविद्यालय भारत में AI शिक्षा और अनुसंधान में एक नया उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करेगी, जिसकी शुरूआत मई 2027 में 50 छात्रों के साथ होगी।
समझौते
ये भी समझौते हुए
भारत और कनाडा ने सोमवार को महत्वपूर्ण खनिजों पर सहयोग के लिए समझौता, नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने पर समझौता, सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता किया है। इसके अलावा कनाडा वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन में शामिल होगा। कनाडा ने भारत और फ्रांस वाले अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन में शामिल होने पर भी अपनी मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री कार्नी ने भारत-कनाडा संसद मैत्री समूह की स्थापना और भारत-कनाडा रक्षा संवाद की स्थापना पर हस्ताक्षर किए हैं।