इबोला का असर, दिल्ली में होने वाला चौथा भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन स्थगित
क्या है खबर?
अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के व्यापक असर को देखते हुए दिल्ली में होने वाला चौथा भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन (IAFS) स्थगित कर दिया गया है। यह सम्मेलन 28 से 31 मई तक आयोजित होना था। इसे भारत सरकार, अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष और अफ्रीकी संघ आयोग के बीच परामर्श के बाद स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। बता दें कि इबोला के प्रकोप को देखते हुए दिल्ली हवाई अड्डे पर भी स्वास्थ्य अलर्ट जारी किया गया है।
बयान
विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान
विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बयान जारी कर बताया कि केंद्र और अफ्रीकी संघ ने अफ्रीका के विभिन्न हिस्सों में विकसित हो रही स्वास्थ्य स्थिति पर विचार-विमर्श किया और पूरे महाद्वीप में सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों और प्रतिक्रिया क्षमताओं को मजबूत करने में सहयोग के महत्व की पुष्टि की। भारत ने भी अफ्रीका के साथ अपनी एकजुटता जताई है और स्वास्थ्य स्थिति से निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों में योगदान की बात कही है।
सम्मेलन
बाद में होगा सम्मेलन, तारीख अभी तय नहीं
मंत्रालय ने बताया कि केंद्र, अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष और अफ्रीकी संघ आयोग के बीच परामर्श के बाद चौथे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन का आयोजन बाद करने का फैसला लिया गया है। शिखर सम्मेलन और इससे संबंधित बैठकों की नई तिथियों को आपसी परामर्श के माध्यम से अंतिम रूप दिया जाएगा। भारत और अफ्रीका ने एकजुटता, आपसी सम्मान, सहयोग, शांति, विकास, समृद्धि और अपने लोगों के कल्याण के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित अपनी दीर्घकालिक साझेदारी की पुष्टि की है।
सतर्क
अफ्रीकी देशों से आने-जाने वाले यात्रियों पर नजर
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधीन स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (DGHS) ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वास्थ्य अलर्ट जारी किया है। उसने कांगो, युगांडा और दक्षिण सूडान सहित इबोला प्रभावित देशों से आने-जाने वाले यात्रियों को तुरंत जांच के लिए हवाई अड्डे के स्वास्थ्य अधिकारियों के पास रिपोर्ट करने को कहा है। किसी संदिग्ध या पुष्ट इबोला रोगी के रक्त या शारीरिक तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने वाले यात्रियों को चिकित्सा सहायता लेने को कहा गया है।