CMRL मनी लॉन्ड्रिंग: पूर्व मुख्यमंत्री विजयन की बेटी वीणा से ED की फिर पूछताछ
पीनाराई विजयन की बेटी वीणा एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने CMRL से जुड़े मामले में उनसे दोबारा पूछताछ की है। इस महीने वे दूसरी बार कोच्चि स्थित ED कार्यालय में पूछताछ के लिए पहुंची हैं। उन पर आरोप है कि उनकी अब बंद हो चुकी कंपनी एक्सलॉजिक को कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) से बिना कोई काम किए पैसे मिले थे। सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) ने हाल ही में कुछ दस्तावेज जब्त किए हैं, जिसके बाद से इस जांच की रफ्तार तेज हो गई है।
SFIO को 2.78 करोड़ और 182 करोड़ की गड़बड़ियां मिलीं
SFIO की जांच में यह सामने आया है कि CMRL ने एक्सलॉजिक को बिना किसी काम के 2.78 करोड़ रुपये दिए थे। इसके अलावा, कंपनी ने 15 सालों में 182 करोड़ रुपये के नकली नकद खर्च दिखाए, जिसका शक है कि रिश्वत के तौर पर इस्तेमाल किया गया था। इसी मामले में 17 जून को वीणा से 8 घंटे तक कड़ी पूछताछ की गई थी और 19 जून को उनके बैंक लॉकर की भी तलाशी ली गई। इन खुलासों के बाद अब ED मनी लॉन्ड्रिंग की संभावनाओं की गहराई से जांच कर रहा है। इसी सिलसिले में वीणा को 29 जून को एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाया गया है।