IIT बॉम्बे आत्महत्या मामला: क्या साहिल नकल करते हुए पकड़ा गया था? सामने आई CCTV फुटेज
क्या है खबर?
IIT बॉम्बे के 20 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में एक बेहद महत्वपूर्ण और नया खुलासा हुआ है। घटना वाले दिन का परीक्षा हॉल की CCTV फुटेज सामने आ गई है, जिसे अब मुंबई पुलिस की अपराध शाखा गहराई से जांच रही है। यह फुटेज उस समय की कड़ियों को जोड़ने में सबसे बड़ा जरिया माना जा रहा है जब साहिल को परीक्षा के दौरान कथित तौर पर नकल करते हुए पकड़ा गया था।
खुलासा
CCTV फुटेज में क्या सामने आया?
मुंबई पुलिस के अनुसार, CCTV में 18 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच साहिल अपनी सीट पर थोड़ा आगे की ओर झुकता है।
वह अपनी जेब में रखे किसी सामान (संस्थान के अनुसार स्मार्टफोन) की तरफ देख रहा था।
उस समय निरीक्षक प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला साहिल को ऐसा करते देख लेते हैं।
वह साहिल को पूछताछ के लिए अन्य छात्रों से दूर ले जाते हैं। इसके बाद साहिल परीक्षा हॉल से बाहर निकल जाता है।
सवाल
परीक्षा हॉल से निकलने के बाद क्या करता है साहिल?
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ACP) धर्मवीर बंसोड़ के नेतृत्व वाली अपराध शाखा की टीम साहिल के अंतिम पलों की पूरी कड़ियां जोड़ने के लिए कैंपस के कई स्थानों के फुटेज खंगाल रही है।
जांच अधिकारी के अनुसार, परीक्षा हॉल से निकलने के बाद साहिल कैंपस में घूमता रहता है और दोपहर ठीक 1:25 बजे अपने हॉस्टल के कमरे में चला जाता है।
इसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं निकलता है और शाम को उसका शव कमरे में मिलता है।
रुख
मामले में क्या था IIT बॉम्बे का रुख?
19 सितंबर को जारी शुरुआती बयान में संस्थान ने दावा किया था कि साहिल को बिना अनुमति मोबाइल का उपयोग करते हुए पकड़ा गया था, जहां उसने प्रश्नपत्र को ChatGPT पर अपलोड कर उत्तर खोजने का प्रयास किया था।
हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद संस्थान ने अपने इस जल्दबाजी में दिए गए बयान के लिए लिखित रूप से सार्वजनिक माफी मांग ली है।
उनका कहना है कि आधिकारिक जांच पूरी होने से पहले घटना का चरित्र-चित्रण करना अनुचित था।
समर्थन
फैकल्टी का प्रोफेसर को समर्थन
इस बीच, IIT बॉम्बे फैकल्टी फोरम ने आरोपी प्रोफेसर दूल्ला का मजबूती से पक्ष लिया है।
फोरम का कहना है कि प्रोफेसर केवल अकादमिक कदाचार के खिलाफ अपनी ड्यूटी कर रहे थे। उनके समर्थन में फैकल्टी सदस्यों ने कैंपस में मार्च निकालने का भी फैसला किया है।
हालांकि, साहिल के माता-पिता ने प्रोफेसर दूल्ला के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद प्रोफेसर को डीन पद से निलंबित किया जा चुका है।
मांग
साहिल के माता-पिता ने की CBI जांच की मांग
साहिल की मां ने मीडिया से कहा, "मेरे बेटे को प्रताड़ित किया गया और मार दिया गया। मुझे न्याय चाहिए।"
परिवार अब इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के हस्तक्षेप और सभी CCTV साक्ष्यों को सौंपने की मांग कर रहा है।
इससे पहले प्रदर्शनकारी छात्रों ने निदेशक प्रोफेसर शिरीष केदारे को 18 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है, जिस पर हस्ताक्षर हो चुके हैं।
छात्रों पूरे मामले की अंतिम रिपोर्ट 15 अक्टूबर तक सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं।