IIT-बॉम्बे छात्र आत्महत्या मामले में प्रोफेसर दूल्ला को छुट्टी पर भेजा, आज अपराध शाखा करेगी पूछताछ
क्या है खबर?
महाराष्ट्र में स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे में छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में संस्थान ने प्रोफेसर सूर्यनारायरण दुल्ला को अवकाश पर भेज दिया है। प्रोफेसर पर छात्र को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है, जिसके तहत मुंबई अपराध शाखा की टीम आज उनसे पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी ने साहिल के माता-पिता और उन छात्रों के बयान दर्ज किए हैं, जो परीक्षा हॉल में उसके साथ मौजूद थे।
जांच
संस्थान प्रबंधन ने 10 सदस्यीय समिति का गठन किया
संस्थान के प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।
बताया जा रहा है कि अपराध शाखा IIT बॉम्बे के प्रोफेसर और अन्य संकाय सदस्य के बयान भी दर्ज कर सकती है।
प्रोफेसर दुल्ला से बुधवार को पूछताछ होगी। इससे पहले संस्थान ने उनको प्रशासनिक मामले के डीन पद से हटाया था।
उनके खिलाफ जातिगत भेदभाव का आरोप है।
जांच
ChatGPT की हिस्ट्री की होगी जांच
अपराध शाखा साहिल के फोन की भी जांच करने के लिए तकनीकी मदद ले रही है, जो लॉक है।
जांचकर्ता आरोप की पुष्टि करने के लिए डिवाइस से डेटा निकालने का प्रयास कर रही है, जिसमें उसकी ChatGPT हिस्ट्री भी शामिल है।
दूसरी तरफ, आत्महत्या से नाराज छात्रों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए उनकी अधिकतर मांगों को मान लिया गया है। संस्थान की जांच समिति में 3 छात्र भी शामिल हैं।