IIT बॉम्बे के छात्र ने परीक्षा में ChatGPT का उपयोग करते पकड़े जाने पर की आत्महत्या
क्या है खबर?
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बॉम्बे के पवई परिसर से एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है। वहां द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग करने और ChatGPT से उत्तर खोजने की बात पकड़े जाने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। इस घटना के बाद परिसर में छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ भारी विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छात्राें ने कॉलेज प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रकरण
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, मृतक छात्र की पहचान IIT बॉम्बे के ऊर्जा विज्ञान और इंजीनियरिंग विभाग के साहिल वाकोडे (20) के रूप में हुई है।
परीक्षा में उसने प्रश्नपत्र को उत्तर खोजने के लिए ChatGPT पर अपलोड कर दिया था।
विभाग के अध्यक्ष ने छात्र से बात की थी और उसे आश्वासन दिया कि इस घटना का उसके शैक्षणिक करियर पर असर नहीं पड़ेगा। काउंसलिंग के बाद छात्र छात्रावास के कमरे में चला गया, जहां बाद में वह मृत पाया गया।
प्रदर्शन
न्याय और जवाबदेही के लिए छात्रों का उग्र प्रदर्शन
साहिल की मौत के बाद IIT परिसर में बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे।
छात्रों का आरोप है कि संस्थान घटना से जुड़ी पूरी सच्चाई सामने नहीं ला रहा।
छात्रों ने दावा किया कि नकल के आरोपी छात्र को कथित तौर पर एक वर्ष के निलंबन की धमकी दी गई थी। निलंबन की स्थिति में छात्र को छात्रावास खाली कर परिसर से बाहर रहना पड़ता और उसकी इंजीनियरिंग 5 वर्ष की हो सकती थी।
आरोप
छात्रों ने लगाया मानसिक दबाव में आत्महत्या करने का आरोप
छात्रों का कहना है कि इसी अनुशासनात्मक कार्रवाई के डर और मानसिक दबाव के कारण साहिल ने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, इस दावे की अभी तक कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
प्रदर्शन कर रहे एक छात्र ने कहा, "हम प्रशासन से जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं। इस वर्ष इस परिसर में यह चौथी घटना है और पिछले 2 महीनों में 2 आत्महत्याएं हो चुकी हैं। हमें नहीं पता कि ऐसा क्यों हो रहा है।"
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें प्रदर्शन का वीडियो
FOUND WITH PHONE IN EXAM HALL. IIT BOMBAY STUDENT ENDS LIFE. PROTESTS ROCK CAMPUS.
— Rahul Shivshankar (@RShivshankar) September 19, 2026
A second-year IIT Bombay student died by suicide on Friday, hours after he was found using a mobile phone during an examination. According to an official statement from the institute, the student… pic.twitter.com/OVwqJ0P3hC
बयान
मामले पर संस्थान ने क्या दिया बयान?
IIT बॉम्बे ने छात्र की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
संस्थान ने कहा कि वह मृतक छात्र के मित्रों, सहपाठियों और शिक्षकों को इस कठिन समय में हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
परिसर में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी (DCP) दत्तात्रय नलवड़े ने बताया कि मामले की जांच जारी है और बातचीत से सौहार्दपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
जानकारी
तनाव से जूझने पर यहां से लें सहायता
अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।