हैदराबाद पुलिस का बड़ा खुलासा, नकली नंबर प्लेट के जरिए बेगुनाहों को थमाए जा रहे थे चालान
हैदराबाद पुलिस ने हाल ही में एक बड़े घोटाले का पर्दाफाश किया है। इसमें अपराधी ट्रैफिक जुर्माने से बचने के लिए नकली नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे। इसकी चपेट में आकर कई बेकसूर लोगों को बेवजह चालान भुगतने पड़ रहे थे। दरअसल, सड़क पर लगे कैमरे इन नकली नंबर प्लेटों की पहचान कर लेते थे और फिर गाड़ी के असली मालिक को उन गलतियों के लिए चालान भेज दिया जाता था, जो उसने की ही नहीं थीं।
पुलिस CCTV और ANPR का कर रही इस्तेमाल
नेल्लोर के एक व्यक्ति को हैदराबाद में हुए ट्रैफिक उल्लंघनों के लिए लगातार चालान मिल रहे थे। तब उसे पता चला कि कोई और उसकी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहा था। कुछ ऐसी ही परेशानी का सामना एक महिला को भी करना पड़ा। दरअसल, किसी ने उसकी गाड़ी के रजिस्ट्रेशन में बदलाव करके जुर्माने से बचने की कोशिश की थी, लेकिन चालान असली मालिक के नाम पर ही कट गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की धोखाधड़ी लगातार बढ़ रही है। इस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस CCTV और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) जैसी आधुनिक तकनीक का सहारा ले रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ी के रजिस्ट्रेशन से जुड़ी जानकारियों पर बराबर नज़र रखें और अगर उन्हें कुछ भी संदिग्ध लगे तो फौरन पुलिस को इसकी सूचना दें।