हैदराबाद में 4,500 किलो नकली चाय जब्त, बड़े गिरोह का हुआ फर्दाफाश
हैदराबाद के खाद्य सुरक्षा विभाग ने चाय में मिलावट करने वाले एक बड़े रैकेट का खुलासा किया है। विभाग ने 15 जगहों पर छापेमारी की, जहां से 4,500 किलोग्राम नकली और अवधि पार चाय जब्त की गई। अधिकारियों ने पाया कि पुरानी चाय में खतरनाक सिंथेटिक रंग मिलाकर तैयार की जा रही थी। इस नकली चाय को स्थानीय स्टॉल्स और छोटे दुकानदारों को बहुत सस्ते दामों पर बेचा जा रहा था। इस मामले में अब तक 10 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अधिकारी: चाय में खतरनाक रंगों से रहें सावधान
जो नकली चाय जब्त की गई है, उसमें 'सनसेट येलो एफसीएफ' और 'टार्ट्राज़िन' जैसे खतरनाक रंग मिले हैं। ये रंग सेहत के लिए बहुत नुकसानदेह हैं और इनसे पेट की समस्या, एलर्जी जैसी कई दिक्कतें हो सकती हैं। इस पूरे मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारी नागरिकों से अपील कर रहे हैं कि वे चाय खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट की जांच जरूर करें। इसके अलावा, घर पर कुछ आसान टेस्ट करके भी आप अपनी चाय की शुद्धता परख सकते हैं।