जयपुर में पति ने ईंट से हमला कर की पत्नी और 3 बेटियों की हत्या
क्या है खबर?
राजस्थान की राजधानी जयपुर के गोविंदपुरा इलाके से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक सिरफिरे शख्स ने घरेलू कलह के चलते गहरी नींद में सो रही अपनी पत्नी और 3 सगी बेटियों की सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं।
वारदात
आरोपी ने सोते समय ईंट से किया हमला
करधनी थाना पुलिस के मुताबिक, मृतकों में गीता झा (40) और उनकी तीन बेटियां नंदिनी, गिरीशा और राधिका हैं। बेटियों की उम्र 17 से 23 साल है। इसी तरह आरोपी राहुल झा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने शुक्रवार तड़के कमरे में घुसकर भारी ईंट से गहरी नींद में सो रही पत्नी और बेटियों के सिर पर लगातार हमले करते हुए उन्हें मौत की नींद सुला दिया।
उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
खुलासा
कैसे हुआ वारदात का खुलासा?
इस सामूहिक हत्याकांड का खुलासा शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। काफी देर तक जब घर में कोई हलचल नहीं हुई, तो पड़ोसियों और रिश्तेदारों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई।
जब लोग घर के भीतर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। चारों तरफ खून बिखरा हुआ था।
आरोपी के 85 वर्षीय बुजुर्ग पिता भी घर में ही मौजूद थे। पुलिस अब बुजुर्ग पिता से भी मामले को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई
फॉरेंसिक जांच तेज, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
जैसे ही इस सामूहिक हत्याकांड की खबर इलाके में फैली, घर के बाहर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थिति को संभालने और जांच को आगे बढ़ाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम और डॉग स्क्वायड को तुरंत मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने, फिंगर प्रिंट्स और वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी ईंट को अपने कब्जे में ले लिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बयान
पुलिस ने क्या दिया बयान?
जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त (DCP) प्रशांत किरन ने कहा, "शुरुआती जांच से ऐसा प्रतीत होता है कि यह खौफनाक कदम किसी गहरे पारिवारिक विवाद के कारण उठाया गया है। हालांकि, हत्या की असली वजह और तात्कालिक उकसावे का सटीक पता आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही चल सकेगा।"
उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया है। शहर के सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं पर नाकाबंदी की गई है।