Page Loader
राजस्थान: जयपुर के निजी अस्पताल में ICU में भर्ती महिला मरीज से नर्सिंगकर्मी ने किया दुष्कर्म

राजस्थान: जयपुर के निजी अस्पताल में ICU में भर्ती महिला मरीज से नर्सिंगकर्मी ने किया दुष्कर्म

Mar 17, 2021
07:27 pm

क्या है खबर?

राजस्थान की राजधानी जयपुर के एक निजी अस्पताल में मानवता और चिकित्सकीय पेशे को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां अस्पताल में वेंटीलेटर सपोर्ट में भर्ती एक महिला मरीज को उसकी देखरेख करने वाले नर्सिंगकर्मी ने ही अपनी हवस का शिकार बना लिया। इसके बाद महिला ने अपने पति को एक कागज पर लिखकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी नर्सिंगकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

प्रकरण

महिला को गंभीर हालत में कराया गया था अस्पताल में भर्ती

जयपुर पश्चिम उपायुक्त (DCP) प्रदीप मोहन शर्मा ने बताया कि महिला की कई दिनों से तबीयत खराब चल रही थी। इस पर सोमवार को उसे वैशाली नगर स्थित शैल्बी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी जांच के बाद चिकित्सकों ने ऑपरेशन करने का निर्णय किया था। इसके बाद चिकित्सकों ने उसके पति को घर भेज दिया और जरूरत पढ़ने पर फोन करने की बात कही। चिकित्सकों के आश्वासन के बाद पति अस्पताल से चला गया था।

वारदात

नर्सिंगकर्मी ने उठाया महिला के बेबसी का फायदा

DCP ने बताया कि ऑपरेशन के बाद महिला को ICU में शिफ्ट कर दिया गया था। उसके मुंह पर ऑक्सीजन मास्क लगा हुआ था तथा दोनों हाथ बंधे हुए थे। उस दौरान ICU वार्ड में तैनात आरोपी नर्सिंगकर्मी खुशीराम ने उसकी बेबसी का फायदा उठाना शुरू कर दिया। आरोपी ने रातभर महिला के अश्लील हरकत की। चौंकाने वाली बात रही कि वार्ड में एक महिला नर्सिंगकर्मी भी थी, लेकिन आरोपी ने महिला के पास खुद जाने का निर्णय किया था।

खुलासा

महिला ने कागज पर लिखकर दी पति को घटना की जानकारी

DCP ने बताया कि घटना के बाद महिला रातभर रोती रही। सुबह जब उसका पति अस्पताल पहुंचा तो वह बोल नहीं सकी और उसने कागज लिखकर रात की घटना की जानकारी दी। इसके बाद पति ने तत्काल चित्रकूट थाने पर पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी नर्सिंगकर्मी नहीं मिला। पुलिस ने अस्पताल से उसका पता लेकर दबिश दी और मंगलवार रात को उसे गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी

आरोपी नर्सिंगकर्मी ने महिला को दी थी धमकी

DCP ने बताया कि महिला ने सुबह जब अस्पताल का दूसरा स्टाफ पहुंचा, तो महिला नर्स को अपनी आपबीती बताने की कोशिश की, लेकिन आरोपी नर्सिंग कर्मचारी ने उसे डरा धमकाकर चुप करा दिया। इसके बाद महिला डर के चलते कुछ नहीं बोल सकी।

कार्रवाई

आरोपी के खिलाफ दर्ज किया दुष्कर्म का मामला

DCP ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी नर्सिंगकर्मी के खिलाफ चित्रकूट थाने में दुष्कर्म और धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने ड्यूटी चार्ट और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली और फिर उसे आगरा रोड स्थित उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ जल्द से जल्द चालान पेश किया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।