LOADING...
हिमाचल प्रदेश के मंडी में भूस्खलन से घर ढहा, परिवार के 3 सदस्यों की मौत
हिमाचल प्रदेश में मंडी के धर्मपुर बस स्टैंड पर खड़ी बसें बारिश के दौरान बह गईं (तस्वीर: एक्स/@POOJA_BHARDWAJ1)

हिमाचल प्रदेश के मंडी में भूस्खलन से घर ढहा, परिवार के 3 सदस्यों की मौत

लेखन गजेंद्र
Sep 16, 2025
10:50 am

क्या है खबर?

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में सोमवार रात से भारी बारिश हो रही है। मंगलवार तड़के मंडी के निहरी तहसील में भूस्खलन से एक घर ढह गया। ब्रगटा गांव में हुए भूस्खलन से एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मौत हुई है, जिसमें 2 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल है। मृतकों में तांगू देवी (64), कमला (33) और भीष्म सिंह (8 माह) है। तांगू और कमला सास-बहु हैं। खूब राम (65) और उनकी पत्नी दर्शन देवी (58) घायल हैं।

आपदा

पहाड़ का मलबा घर पर गिरा, धर्मपुर बस स्टैंड बहा

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने पर देखा गया कि पहाड़ का पूरा मलबा घर पर गिरा था, जिससे सिर्फ मलबा ही मलबा दिख रहा है। इसके अलावा मंडी के धर्मपुर में भी भारी बारिश के कारण सोन खड्ड और समीपवर्ती नाले उफना गए, जिससे बस अड्डे में बाढ़ आ गई। यहां कई वाहन पानी में बह गए और क्षतिग्रस्त हो गए। धर्मपुर में 2 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनको ढूंढने का अभियान चल रहा है।

मौसम

कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को भी हिमाचल के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां के बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिले में भारी बारिश हो सकती है। सोमवार को भी यहां के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी थी। IMD के मुताबिक, अभी 20 सितंबर तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान है। इसके बाद मौसम साफ होने की संभावना है।

ट्विटर पोस्ट

धर्मपुर बस अड्डे का दृश्य