हिमाचल में पैराग्लाइडिंग को लेकर दहशत; महीने में 5 हादसे, बुल्गारिया और नोएडा पर्यटक की मौत
क्या है खबर?
हिमाचल प्रदेश में लोकप्रिय पैराग्लाइडिंग को लेकर लोगों में दहशत बढ़ रही है। इस महीने 5 हादसे हुए, जिसमें इस हफ्ते हुए 2 हादसों में 2 लोगों की जान गई है। पिछले दिनों नोएडा और बुल्गारिया के पर्यटकों की दर्दनाक हादसे में जान चली गई। इसके बाद, एक रूसी पर्यटक मंडी में 100 मीटर की ऊंचाई पर हाइटेंशन तार में फंस गया, जिसे बड़ी मशक्कत से बचाया गया। हादसों ने एडवेंचर टूरिज्म की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसा
नोएडा के युवक की कैसे गई जान?
नोएडा के शुभम डोबलियाल (26) अपने भाई-बहन के साथ हिमाचल में छुट्टियां मनाने पहुंचे थे।
उन्होंने मंगलवार को लोकल पायलट विनय कुमार के साथ टैंडम उड़ान भरी, लेकिन 6 मिनट बाद सीट का लॉक खुलने से वे गिर गए।
पायलट सुरक्षित उतर गया, लेकिन शुभम लैंडिंग जोन वाले घने जंगल वाले इलाके में गुम हो गए। काफी तलाश के बाद उनका शव बरामद हुआ।
पुलिस ने पायलट के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है।
हादसा
बुल्गारिया के पर्यटक की मौत
बुल्गारिया के नागरिक मैक्सिम वैलेंटिनोविच गैवरिलिचेंको अपने दोस्त स्टीफन एंटनी के साथ 7 अक्टूबर को पर्यटन वीजा पर भारत आए थे।
उन्होंने 26 अक्टूबर को बीड़ बिलिंग से उड़ान भरी थी और 2,700 मीटर की ऊंचाई पर पहुंचने के बाद गैवरिलिचेंको जमीन पर गिर गए, जबकि एंटनी सुरक्षित बच गए।
शुरूआती जांच में बताया गया कि तेज हवाओं को हादसे की वजह बताया गया था।
हादसा
निगरानी की उठ रही मांग
पिछले महीने 21 और 24 अक्टूबर को बीड़ से निकले पर्यटक पहाड़ियों में फंस गए। दोनों को बचा लिया गया।
इसके बाद 25 अक्टूबर को बुल्गारियाई पर्यटक की मौत हो गई। इस महीने 10 नवंबर को नोएडा के पर्यटक की मौत हो गई। गुरुवार को एक रूसी पर्यटक की जान मुश्किल से बची।
इन हादसों ने पूरी सुरक्षा जांच, यात्रियों के लिए उड़ान से पहले जरूरी जांच, नियमित उपकरण जांच और ऑपरेटरों की कड़ी निगरानी की मांग उठाई है।