हिमाचल प्रदेश में बारिश का तांडव; 162 सड़कें बंद, बिजली-पानी गुल
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश से जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पूरे राज्य में 162 सड़कें बंद हो गईं। सबसे ज्यादा मार मंडी जिले पर पड़ी, जहां 56 सड़कें बंद हो गईं। इनमें व्यस्त चंडीगढ़-मनाली हाईवे का कुछ हिस्सा भी शामिल है। कुल्लू, चंबा, सिरमौर और शिमला जिलों में भी कई सड़कें ठप हो गईं। बारिश ने सिर्फ सड़कें ही नहीं, बल्कि 105 बिजली के वितरण ट्रांसफॉर्मर और 73 जल आपूर्ति योजनाओं को भी ठप कर दिया।
IMD अलर्ट के बाद किन्नर कैलाश यात्रा रोकी गई
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताते हुए अलर्ट जारी किया है। 10 अगस्त के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 11 अगस्त को चंबा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर के लिए भी ऑरेंज अलर्ट है। इसके अलावा, 11 अगस्त तक कई अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी रहेगा। खराब मौसम के कारण किन्नर कैलाश यात्रा को भी रोक दिया गया है।