राजस्थान में 10 अगस्त तक बारिश के आसार, IMD ने जारी की चेतावनी
देश
राजस्थान में मानसून की बारिश ने जोर पकड़ लिया है। शुक्रवार को जयपुर, अलवर, दौसा और सांगरिया जैसे शहरों में जमकर बारिश हुई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बारिश का यह सिलसिला अभी खत्म नहीं हुआ है। विभाग ने बताया है कि पूरे राज्य में 10 अगस्त तक बारिश होती रहेगी।
जोधपुर, बीकानेर में बारिश बढ़ने की उम्मीद
जयपुर में गुरुवार रात से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इस बारिश से दिन का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा नीचे आ गया और पूरे दिन बादल छाए रहे। IMD ने बताया है कि यह मौसमी बदलाव उत्तर प्रदेश और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे मौसमी सिस्टम की वजह से है।
पूर्वी जिलों में 10 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं पश्चिमी इलाकों, खासकर जोधपुर और बीकानेर में 8 से 10 अगस्त के बीच बारिश और तेज होने की संभावना है। हालांकि, महीने के मध्य के बाद इन इलाकों में मौसम शुष्क हो जाएगा।