Page Loader
हरियाणा में प्रवासी मजदूरों पर पुलिस का लाठीचार्ज, कांग्रेस ने की सरकार की आलोचना

हरियाणा में प्रवासी मजदूरों पर पुलिस का लाठीचार्ज, कांग्रेस ने की सरकार की आलोचना

May 18, 2020
07:50 pm

क्या है खबर?

देश में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन से बिगड़ी प्रवासी मजदूरों की हालत को लेकर अब कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोलना शुरू कर दिया है। गत शुक्रवार को हरियाणा के यमुनानगर जिले में अपने घर भेजने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे प्रवासी मजदूरों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के वीडियो को लेकर अब कांग्रेस ने हरियाणा सरकार पर हमला बोला है।

प्रकरण

घर भेजने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे प्रवासी मजदूर

यमुनानगर जिले के करहेड़ा गांव में बनाए गए एक आश्रय स्थल में ठहरे हुए करीब 300 प्रवासी मजदूरों ने उन्हें घर भेजने की मांग को लेकर हंगामा कर दिया था। उस दौरान मजदूरों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 344 को भी जाम कर दिया था। पुलिस ने उन्हें समझाकर राजमार्ग से हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर कर मजदूरों को खदेड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बयान

मजदूरों ने पुलिसकर्मियों पर फेंक पत्थर- SP

पुलिस अधीक्षक (SP) हिमांशु गर्ग ने इंडियन एक्सप्रेस बताया कि घटना के दौरान पुलिस जब समझाइश कर रही थी तो मजदूरों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इसमें कुछ पुलिसकर्मियों को चोट भी आई थीं। बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।

बयान

अपने घर नहीं जाने दे रही है सरकार- प्रवासी मजदूर

पुलिस की लाठीचार्ज से पीड़ित कुछ प्रवासी मजदूरों ने कहा कि वो अपने घर जाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें सरकार नहीं जाने दे रही। उन्होंने बताय कि पुलिस उन्हें उत्तर प्रदेश बॉर्डर से आगे उन्हें नहीं जाने दे रही है। आश्रय स्थल पर पर भी उनके लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। वो सैंकड़ो किलोमीटर दूर से पैदल चलकर यहां पहुंचे हैं और अब उन्हें अपने ही घर नहीं जाने दिया जा रहा है।

तंज

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह ने सरकार पर कसा तंज

मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा और भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने टि्वटर पर घटना का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'कितना जुल्म ढायेगी "हे सरकार"! यमुनानगर, हरियाणा में प्रवासी मज़दूरों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटती खट्टर सरकार! इन्ही हवाई चप्पल वालों को जहाज़ में बिठाने का वादा कर सत्ता में आई थी ना भाजपा?' इसके बाद हरियाणा सरकार की कड़ी आलोचना हो रही है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें ट्वीट और वीडियो

सफाई

गृह मंत्री अनिल विज ने की घटना पर सफाई

मामले में कांग्रेस की ओर से हमला बोलने के बाद हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने भी अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा, 'मैने पुलिस महानिदेशक (DGP) और यमुनानगर पुलिस अधीक्षक से बात की है। मैने पुलिस अधिकारियों को मजदूरों पर बल प्रयोग करने के आदेश नहीं दिए थे। तनावपूर्ण स्थिति पैदा होने पर उच्चाधिकारियों को मौके पर जाकर बातचीत के जरिए स्थिति को संभालना चाहिए था। मामले की जांच की जा रही है।'