Loading...
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में हाईवे पर पोल से टकराई कार, जिंदा जले 6 यात्री
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कार में जिंदा जले 6 लोग

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में हाईवे पर पोल से टकराई कार, जिंदा जले 6 यात्री

लेखन गजेंद्र
Nov 09, 2026
10:36 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सोमवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार हाईवे किनारे बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में कार सवार सभी 6 लोग जिंदा जल गए। घटना की सूचना आसपास के राहगीरों ने पुलिस को दी, जिसके बाद आग को बुझाया गया। सभी मृतक हरियाणा के जींद जिले के बताए जा रहे हैं। मृतकों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल है।

हादसा

120 की रफ्तार में चल रही थी कार

हरियाणा से एक कार शामली होते हुए मुजफ्फरनगर से गुजर रही थी, तभी तड़के 5 बजे तितावी थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाईवे पर हादसा हुआ।

बताया जा रहा है कि 120 की रफ्तार से चल रही कार पहले बिजली के पोल से टकराई और उसके बाद डिवाइडर से टकराकर पलट गई और उसमें आग लग गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल भी 2 हिस्सों में बंट गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसा

कार से निकलने का नहीं मिला मौका 

बताया जा रहा है कि कार में सवार परिवार हरियाणा से हरिद्वार जा रहे थे। मृतकों की पहचान के लिए पुलिस कोशिश कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब वे मौके पर पहुंचे, तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी और शवों की पहचान मुश्किल थी।

हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

ADVERTISEMENT