गुजरात के भावनगर में शेरनी ने एक पशुपालक को दबोचा, जान बचाने को सहलाता रहा
क्या है खबर?
गुजरात के भावनगर जिले से सोमवार को एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। यहां के पालीताना तालुक के गरजिया गांव में एक पशुपालक पर शेरनी ने हमला कर दिया। शेरनी ने करीब आधे घंटे तक पशुपालक कालूभाई बोगभाई परमार को अपने पैरों के नीचे दबोचे रखा। इस दौरान परमान झटपटाता रहा और जान बचाने के लिए शेरनी को भी सहलाता रहा। वीडियो में में परमार और शेरनी दिख रहे हैं, जबकि लोगों की आवाज सुनाई दे रही है।
घटना
शेरनी ने घायल करके छोड़ा
परमार ने बताया कि वह सुबह साढ़े 10 बजे अपनी गाय को चारा खिलाने जा रहे थे, तभी शेरनी ने उनके पीठ पर हमला कर गिरा दिया और हाथ को मुंह में पकड़ लिया। दैनिक भास्कर ने परमार के हवाले से लिखा कि वह छूटने की कोशिश कर रहे थे और शेरनी को खरोंचा भी। इस बीच, शेरनी ने उनके पैर को काट लिया। उनका पालीताना अस्पताल में इलाज चल रहा है। वन विभाग घटना की जांच कर रहा है।
जांच
गांव में दहशत का माहौल, पहले भी हुए हैं हमले
भावनगर गुजरात के गिर नेशनल पार्क के इलाके में है। यहां अक्सर घरों और खेतों के आसपास शेर देखने को मिल जाते हैं। यहां ऐसी घटनाएं पिछले कुछ दिनों से आम हो गई है। गरजिया गांव की सरपंच के पति सावजीभाई का कहना है कि शेर ने परमार पर हमला करने से पहले कुछ अन्य लोगों पर भी हमले की कोशिश की थी, लेकिन वे बच गए। गांव में दहशत का माहौल है।
ट्विटर पोस्ट
घटना का वीडियो
गुजरात के पालिताना में शेर ने पशुपालक पर किया जानलेवा हमला। पूरी घटना कैमरे में कैद, घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।#Gujarat #LionAttack#Bhavnagar#viralvídeo pic.twitter.com/GsJSUFnE5k
— Nation with Anu (@NationwithAnu) July 6, 2026