LOADING...
गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 8 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया, नेटवर्क बढ़ाने में थे सक्रिय
गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 8 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया

गुजरात ATS ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 8 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया, नेटवर्क बढ़ाने में थे सक्रिय

लेखन गजेंद्र
Jul 03, 2026
04:50 pm

क्या है खबर?

गुजरात की आतंक विरोधी दस्ते (ATS) ने शुक्रवार को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े 8 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इनको गुजरात और मध्य प्रदेश से पकड़ा गया है। सभी पर आतंकी नेटवर्क का विस्तार करने और देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकी हमलों की योजना बनाने का आरोप है। गिरफ्तार लोगों में 6 की उम्र 23 साल से कम है। सभी से पूछताछ करके उनकी योजना की जानकारी जुटाई जा रही है।

आतंकी साजिश

गिरफ्तार 3 लोग धार्मिक मदरसों से जुड़े हैं

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी गुजरात के बनासकांठा, पाटन, नवसारी जिलों और मध्य प्रदेश के देवास जिले से हैं। इनमें से 3 सिद्धपुर और चिखली के धार्मिक मदरसों से जुड़े थे। आरोपियों में अहमद अब्दुल्ला गाजीवाला उर्फ अबू उबैदा (19), इब्राहिम मोहम्मद हुसेन घाघा (30), मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजीवाला (22), जकारिया दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा (21), मुफ्ती फौजन इस्माइल दाऊवा (40), मोहम्मद अमीन शेरा (21), मोहम्मद अब्दुल रहमान सावदी (22) और बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा (18) शामिल हैं।

जांच

UAPA के तहत दर्ज किया गया मुकदमा

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, जांचकर्ताओं का आरोप है कि यह समूह अपने परिचालन नेटवर्क को मजबूत करके गुजरात में जैश का एक संगठित मॉड्यूल बनाने का प्रयास कर रहा था। मॉड्यूल गुजरात और विभिन्न राज्यों में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में था। ATS ने इनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) और भारतीय न्याय संहिता की उन धाराओं के तहत FIR दर्ज की, जो भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने और आपराधिक साजिश से संबंधित हैं।

Advertisement