अब ग्रेटर नोएडा में शिव नादर विश्वविद्यालय के कर्मचारी धरने पर बैठे, वेतन बढ़ाने की मांग
क्या है खबर?
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में कर्मचारियों के हिंसक आदोंलन के बाद से पुलिस और प्रशासन की मुसीबत कम नहीं हो रही है। अब बुधवार को ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में शिव नादर विश्वविद्यालय के कर्मचारी परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने वेतन बढ़ाने और ओवरटाइम को दोगुना करने की मांग की है। हालात को समझते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।
प्रदर्शन
नोएडा फेस 2 में भी सुबह शुरू हुआ धरना
नोएडा फेस 2 में भी बुधवार सुबह हल्का प्रदर्शन देखने को मिला। यहां लक्ष्मी रिमोट कंपनी के बाहर श्रमिक धरने पर बैठे थे, जो वेतन बढ़ोतरी की नोटिस दिखाने की मांग कर रहे थे। कंपनी ने राज्य सरकार की ओर से जारी वेतन बढ़ोतरी के आदेश का नोटिस गेट पर चस्पा कर दिया, जिसके बाद श्रमिकों को भरोसा हुआ और वे अंदर काम पर लौट गए। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।
ट्विटर पोस्ट
शिव नादर विश्वविद्यालय के बाहर प्रदर्शन
ग्रेटर नोएडा : शिव नादर यूनिवर्सिटी दादरी के बाहर श्रमिक/कर्मचारी धरने पर बैठ गए हैं। ये भी सेलरी बढ़ाने और ओवरटाइम पैसा डबल देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस मौके पर है और उन्हें समझाने में जुटी हुई है। pic.twitter.com/tviRQXFQRU
— Sachin Gupta (@Sachingupta) April 15, 2026
वेतन
सरकार ने बढ़ाया है अंतरिम वेतन
उत्तर प्रदेश की सरकार ने सोमवार को हिंसा के बाद एक उच्च स्तरीय समिति गठित कर अंतरिम न्यूनतम वेतन बढ़ोतरी को 3 श्रेणियों में लागू कर दिया है। नोएडा-गाजियाबाद में श्रमिकों की अंतरिम देय मजदूरी (मूल वेतन और मंहगाई भत्ता समेत) 21 प्रतिशत बढ़ाया गया है, जो सबसे अधिक है। अब यहां अकुशल श्रमिकों को 13,690 रुपये, अर्धकुशल श्रमिकों को 15,059 रुपये और कुशल श्रमिकों को 16,868 रुपये मिलेंगे, जो पहले क्रमश: 11,313 रुपये, 12,445 रुपये और 13,940 रुपये थी।