ग्रेटर नोएडा में एक चिप फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान 2 दमकलकर्मियों की मौत
क्या है खबर?
दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में मंगलवार तड़के एक चिप बनाने वाली फैक्ट्री में आगी, जिसे बुझाने के दौरान 2 दमकलकर्मियों की जान चली गई। आग ईकोटेक-3 इलाके में स्थित पीसीबी चिप्स बनाने वाली निजी कंपनी ILGIM में तड़के करीब 3 बजे लगी थी। मौके पर अग्निशमन विभाग के 6 वाहन भेजे गए थे। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री की एक दीवार और लोहे का एक बीम गिरने से दमकलकर्मियों की मौत हुई है।
हादसा
आग बुझाने के बाद हुआ हादसा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दमकलकर्मियों ने फैक्ट्री में आग पर काबू पा लिया था। तभी फैक्ट्री की एक दीवार और लोहे का बीम दमकल वाहन पर गिर गया, जिससे 5 कर्मचारी दब गए।
हादसे में मुख्य कांस्टेबल ड्राइवर राजपाल सिंह, दमकलकर्मी मनीष कुमार, मुख्य कांस्टेबल ड्राइवर तीरथपाल सिंह, दमकलकर्मी अमित कुमार और दमकलकर्मी रोहित यादव घायल हो गए।
इलाज के दौरान रोहित यादव और तीरथपाल सिंह की मौत हो गई। बाकी 3 दमकलकर्मी खतरे से बाहर हैं।
ट्विटर पोस्ट
हादसे के बाद का दृश्य
ग्रेटर नोएडा ईकोटेक 3 के इलेक्ट्रॉनिक्स चिप बनाने वाली फैक्ट्री में सोमवार देर रात भीषण आग बुझाने के दौरान फैक्ट्री की दीवार और लोहे का बीम गिरने से 5 दमकलकर्मी मलबे में दब गए।
— Anurag Chaddha (@AnuragChaddha) August 4, 2026
फायरमैन रोहित यादव और मुख्य कांस्टेबल ड्राइवर तीरथपाल सिंह की मौत हो गई है और हादसे में घायल 3 अन्य… pic.twitter.com/4UHMTZ8xkf
जांच
वाहन के पास मौजूद थे 5 दमकलकर्मी
बताया जा रहा है कि आग ने फैक्ट्री के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसे दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद बुझाया।
दमकलकर्मी आग बुझाने के बाद राहत महसूस कर ही रहे थे कि अचानक फैक्ट्री से लगे वाहन पर दीवार और लोहे की बीम भराभराकर गिर पड़ी।
घटना के समय सभी 5 कर्मचारी वाहन पर सवार और उसके आसपास खड़े थे, जिससे उनको भागने का मौका नहीं मिला और वे उसी में दब गए।