ग्रेटर नोएडा: क्रिकेट खेलते समय गड्ढे में गिरने से 6 वर्षीय मासूम की मौत, ठेकेदार गिरफ्तार
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में प्रशासनिक लापरवाही के कारण एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। नॉलेज पार्क क्षेत्र की कलाधाम सोसायटी के पास शनिवार शाम को क्रिकेट खेलते समय बोरिंग के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक 6 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चों के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस ने बताया कि मृतक बालक अव्यान सूर्या पुत्र सीवान यादव है। अव्यान शनिवार को सोसायटी के बाहर अन्य बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक वहां खोदे गए एक 15 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। इस गड्ढे में पानी में भरा था, जिसमें डूबने से उसकी मौत हो गई।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह गड्ढा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से बोरिंग कार्य के लिए कई दिनों पहले खोदा गया था।
लापरवाही
सामने आई प्राधिकरण और ठेकेदार की लापरवाही
सबसे गंभीर बात यह थी कि इतने खतरनाक गड्ढे के चारों तरफ न तो कोई सुरक्षा घेरा (बैरिकेडिंग) लगाया गया था और न ही कोई चेतावनी बोर्ड मौजूद था।
हादसे के बाद सड़क पर बच्चे का बैट और विकेट पड़े रह गए, जिसने हर किसी को झकझोर दिया।
मामले में पुलिस ने बोरिंग करने वाले ठेकेदार सहित 3 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इसी तरह लापरवाही बरतने वाली फर्म के ठेकेदार मनोज जैन को गिरफ्तार कर लिया है।
बेबसी
हादसे के बाद छलका पिता का दर्द
घटना के बाद केंद्रीय विद्यालय में उपप्राचार्य सीवान यादव का रो-रोकर बुरा हाल था।
उन्होंने टूटती आवाज में कहा, "अधिकारियों की इस लापरवाही ने मेरे बेटे की जान ले ली। वहां पानी इतना ज्यादा था कि कोई भी बच्चा तैरकर बाहर नहीं निकल सकता था। उसने तो अभी ठीक से दुनिया भी नहीं देखी थी।"
पुलिस ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सुपरवाइजर जॉनी और टेक्निकल सुपरवाइजर आकाश राजपूत के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।