गोवा से दिल्ली आ रही इंडिगो उड़ान का इंजन फेल, मोपा हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग
क्या है खबर?
गोवा से दिल्ली आ रही इंडिगो की एक उड़ान का मंगलवार को अचानक इंजन फेल हो गया, जिससे उसे हवा के बीच गोवा लौटकर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। इंडिया टुडे के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान 6E 2102 ने मंगलवार सुबह 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे लिए उड़ान भरी थी। तभी इंजन की खराबी की जानकारी मिलते ही उसे कुछ मिनट बाद मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (मोवा हवाई अड्डे) पर आपातकालीन परिस्थितियों में उतारा गया।
घटना
सुबह 11:45 बजे पहुंचना था दिल्ली
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान को सुबह 9:16 पर उड़ान भरने के बाद 11:45 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचना था, लेकिन उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही इंजन में खराबी की जानकारी मिली।
इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और करीब 9:30 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर विमान को मोपा हवाई अड्डे पर सुरक्षित रूप से उतार लिया।
घटना के समय विमान में 229 यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित हैं।
जांच
यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था
हवाई अड्डा के अधिकारियों ने बताया कि एयरलाइन ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है और असुविधा को कम करने के लिए जलपान और समय पर अपडेट की व्यवस्था की है।
विमान को फिलहाल रखरखाव जांच के लिए भेजा गया है। सभी आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद परिचालन फिर से शुरू किया जाएगा।
विमान के इंजन में क्या खराबी थी और यह कितना घातक था, इसको लेकर अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।