गाजियाबाद: पुलिस मुठभेड़ में मारा गया बावरिया गिरोह का धर्मेंद्र उर्फ 'टिड्डी', 3 पुलिसकर्मी घायल
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस की अपराध शाखा ने एक बड़ी मुठभेड़ में बावरिया गिरोह के कुख्यात डकैत और 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी को मार गिराया है। इस भीषण मुठभेड़ में बदमाशों की ओर से की गई गोलीबारी में अपराध शाखा के भी 3 जांबाज पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़
कैसे हुई यह मुठभेड़?
गाजियाबाद पुलिस के अनुसार, यह मुठभेड़ निवाड़ी थाना क्षेत्र में नहर की पटरी पर हुई। पुलतिस को क्षेत्र में बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली थी।
इस पर पुलिस ने घेराबंदी की, बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में अमरोहा के बर्शी गांव निवासी धर्मेंद्र मौके पर ही ढेर हो गया। दोनों ओर से करीब 15 राउंड गोलियां चलीं। पुलिस ने मौके से एक अत्याधुनिक पिस्टल भी बरामद की है।
जानकारी
3 पुलिसकर्मी हुए घायल
मुठभेड़ में अपराध शाखा के विनीत, अमित और हिमांशु भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
अपराध
धर्मेंद्र के खिलाफ दर्ज थे 17 मुकदमों का था इतिहास, 1 साल से थी तलाश
मारे गए डकैत धर्मेंद्र का अपराध जगत में बड़ा खौफ था।
गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक, धर्मेंद्र पर गाजियाबाद के निवाड़ी थाने से 50,000 रुपये और बागपत के खेकड़ा थाने से 50,000 रुपये का कुल मिलाकर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
उसके खिलाफ डकैती, लूट और हत्या के प्रयास जैसे विभिन्न गंभीर धाराओं में करीब 17 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस पिछले एक साल से उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी।