हरियाणा: प्रवासी महिला के हाथ-पैर बांधकर किया गैंगरेप, शराब पिलाकर की हैवानियत
क्या है खबर?
हरियाणा के चरखी-दादरी जिले के दादरी शहर में एक प्रवासी महिला के साथ गैंगरेप और हैवानियत की सभी हदें पार कर देने वाली वारदात सामने आई है।
यहां दो युवक छत पर सो रही एक प्रवासी महिला के हाथ-पैर बांधकर उसके कमरे में ले गए और उसका गैंगरेप किया।
इस दौरान आरोपियों ने उसे जबरन शराब भी पिलाई और उनके प्राइवेट पार्ट में शराब की बोतल डाल दी। इसके बाद आरोपी उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।
वारदात
आरोपियों ने महिला को अकेली देखकर दिया वारदात को अंजाम
न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार पीड़िता अपने दो बच्चों के साथ किराए के कमरे में रहती है। गत 12 जुलाई की रात को वह घर की छत पर सो रही थीं।
उसी दौरान दो युवक दीवार फांदकर घर की छत पर पहुंच गए और महिला को अकेला पाकर उसके हाथ-पैर बांध दिए।
इसके बाद आरोपी उसे एक कमरे में ले गए, जहां उससे बारी-बारी से रेप किया और जबरन शराब पिलाकर प्राइवेट पार्ट में शराब की बोतल डाल दी।
खुलासा
तबीयत बिगड़ने पर महिला ने पीहर पक्ष को दी वारदात की जानकारी
मामले की जांच अधिकारी सुनीता कुमारी ने बताया कि 12 जुलाई को वारदात के बाद महिला सहमी हुई थीं और उसने किसी को कुछ नहीं बताया।
गत दिनों की उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसने अपने पीहर पक्ष को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद पीहर वालों ने दादरी पहुंचकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया तथा पुलिस ने शिकायत दर्ज कराई।
महिला का मेडिकल कराया गया है। इसमें दुष्कर्म और हैवानियत की पुष्टि हुई है।
जानकारी
आरोपियों ने महिला को दी परिवार सहित जान से मारने की धमकी
जांच अधिकारी सुनीता ने बताया कि आरोपियों ने वारदात के बाद महिला को घटना के बारे में किसी को भी बताने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी भी दी थीं। इसके चलते महिला ने किसी को भी वारदात के बारे में नहीं बताया।
कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया दुष्कर्म का मामला
जांच अधिकारी सुनीता ने बताया कि उपचार के बाद पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं। इसके आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और इरादतन चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया है।
उन्होंने बताया कि महिला द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। अन्य थानों में भी इसकी सूचना दी गई है। सभी थानों की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।