गांधी जयंती: प्रधानमंत्री समेत तमाम नेताओं ने दी बापू को श्रद्धांजलि, उनके सिद्धातों को याद किया
क्या है खबर?
पूरा देश आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 154वीं जयंती मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 7:30 बजे दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचे और उन्होंने बापू को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
उनके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत तमाम नेताओं ने भी राजघाट पहुंचकर बापू को श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर याद किया गया।
मोदी
गांधी जी की कालजयी शिक्षाएं हमारा पथ आलोकित करती हैं- मोदी
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने गांधी जयंती के अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गांधी का स्मरण किया।
उन्होंने लिखा, 'मैं गांधी जी को नमन करता हूं। उनकी कालजयी शिक्षाएं हमारा पथ आलोकित करती रहती हैं। उनका प्रभाव वैश्विक है, जो संपूर्ण मानव जाति को एकता और करुणा की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करता है। हम सदैव उनके सपनों को पूरा करने की दिशा में काम करते रहें।'
जानकारी
मोदी बोले- गांधी जी के विचार हर युवा को बनाते हैं सक्षम
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा, 'गांधी जी के विचार हर युवा को उस बदलाव का वाहक बनने में सक्षम बनाते हैं जिसका उन्होंने सपना देखा था, जिससे सर्वत्र एकता और सद्भाव को बढ़ावा मिलता है।'
मुर्मू
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा- गांधी जी के विचार आज भी प्रासंगिक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी एक लेख के माध्यम से गांधी जयंती पर राष्ट्रपिता को श्रद्धाजंलि अर्पित की है।
उन्होंने लिखा, 'गांधी जी के विचार महज विचार-विमर्श नहीं थे, बल्कि उनके निरंतर अभ्यास का परिणाम थे। गांधी जी के अनुसार, जो दर्शन जीवन के लिए उपयोगी नहीं, वह 'धूल की तरह निष्प्राण' है। उनकी कथनी, करनी और विचार में पूर्ण एकता थी। यही कारण है, उनकी बातें हम सब के लिए आज भी प्रासंगिक बनी हुई हैं।'
खड़गे
गांधी जी की विचारधारा हमारे महान राष्ट्र का नैतिक आधार- खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी गांधी जयंती के अवसर पर राजघाट पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उन्होंने बापू को याद करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'गांधीजी केवल एक व्यक्ति नहीं हैं, वह एक विचार, एक विचारधारा और हमारे महान राष्ट्र के नैतिक आधार हैं। सत्य, अहिंसा, स्वतंत्रता, समानता और सह-अस्तित्व के उनके आदर्श शाश्वत मूल्य हैं। हम बापू की जयंती पर उनके आदर्शों के प्रति श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं।'
ट्विटर पोस्ट
गांधी जयंती पर राहुल ने भी बापू को किया याद
सत्य, अहिंसा और सौहार्द का रास्ता, भारत को जोड़ने का रास्ता महात्मा गांधी ने ही दिखाया था। बापू को उनकी जयंती पर शत शत नमन। pic.twitter.com/8mNGpSYcP6
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 2, 2023
शास्त्री
प्रधानमंत्री मोदी ने विजय घाट पहुंचकर शास्त्री जी को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जंयती पर विजय घाट पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'शास्त्री जी की सादगी। उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण और 'जय जवान, जय किसान' का प्रतिष्ठित आह्वान आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है। भारत की प्रगति के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता और चुनौतीपूर्ण समय में उनका नेतृत्व अनुकरणीय है। हम सदैव सशक्त भारत के उनके दृष्टिकोण को साकार करने के लिए कार्य करते रहेंगे।'