FSSAI ने 4 फूड कंपनियों के लाइसेंस किए निलंबित, जानिए क्या रहा कारण
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने 4 पैक्ड फूड कंपनियों (VKC नट्स, छेड़ा स्पेशलिटीज फूड्स, स्विट्ज फूड्स, और वेस्टेंड एग्रो प्रोडक्ट्स) के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। यह कार्रवाई जांच के दौरान गंभीर स्वच्छता और सुरक्षा संबंधी खामियां पाए जाने के बाद की गई। मसलन, जांचकर्ताओं को पिस्ता में जिंदा कीड़े मिले, खाना खुला रखा हुआ था और एक्सपायरी डेट्स के साथ छेड़छाड़ भी की गई थी। इन सब से एक ही बात साफ होती है कि खाने की सुरक्षा को बिल्कुल भी हल्के में नहीं लिया जा सकता।
FSSAI को जांच में क्या मिला?
VKC नट्स (उत्तर प्रदेश) की जांच में नट्स में कीड़े और फंगस पाए गए। हैरानी की बात यह है कि कंपनी ने नियमों के पालन में सिर्फ 38 प्रतिशत अंक हासिल किए। छेड़ा स्पेशलिटीज फूड्स (महाराष्ट्र) में पाया गया कि कर्मचारी बिना दस्ताने पहने खाना संभाल रहे थे और उनके पास ही सड़ती हुई गंदगी भी पड़ी थी। स्विट्ज फूड्स (कोलकाता) में जहां कीटों की समस्या थी और शाकाहारी-मांसाहारी चीजों को आपस में मिलाया जा रहा था, वहीं वेस्टेंड एग्रो प्रोडक्ट्स को एक्सपायरी डेट के लेबल बदलते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इन चारों कंपनियों को अपना कारोबार दोबारा शुरू करने से पहले इन सभी समस्याओं को ठीक करना होगा।