क्या घर में आ रहा मिलावटी बेसन? जानिए FSAAI ने क्यों तय की लेड-कैडमियम सीमा
क्या है खबर?
रोजाना खाने में इस्तेमाल होने वाला चने का आटा यानी बेसन अब 1 दिसंबर से सख्त खाद्य सुरक्षा नियमों के दायरे में आएगा। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) साबुत दालों में लेड और कैडमियम की अपनी मौजूदा सीमा को अब दाल के आटे तक बढ़ा रहा है, जिसमें बेसन या चना आटा भी शामिल है। इससे दाल के साथ अब उनका आटा भी सुरक्षा मानकों के तहत आएगा। घर में आने वाला बेसन कितना सुरक्षित है? आइए, जानें।
नियम
क्या है बेसन के लिए नया नियम?
नए नियम के तहत FSSAI ने 2 भारी धातु लेड-कैडमियम की मान्य सीमा को साबुत दालों से लेकर दाल के आटे तक बढ़ा दिया है।
पहले, नियमों में छोले जैसी दालें और अलग-अलग तरह की दालें शामिल थीं, लेकिन अब इन दालों से बना आटा भी इसमें शामिल होगा, जैसे छोले-अरहर-चना-मसूर या उड़द दाल को पीसकर बनाया गया सूखा आया।
दाल को पीसकर ये आटा बनता है, इसलिए इसमें भी दोनों भारी धातुओं की सीमा तय करना जरूरी हो गया।
बदलाव
2 साल से चल रहा था काम, अब हुआ लागू
इस नियम के बदलाव पर 2 साल से काम चल रहा था, जो अब लागू हुआ है।
FSSAI ने पहले 18 सितंबर, 2024 को ड्राफ़्ट पब्लिश किया और जनता को आपत्ति या सुझाव देने के लिए 60 दिन का समय दिया।
कोई भी सुझाव नहीं मिला। आखिरी बदलाव 14 मई, 2026 को जारी किया गया था, और उसी महीने बाद में सरकार के नियमों के ऑफिशियल जर्नल, गैजेट में पब्लिश किया गया था।
यह 1 दिसंबर, 2026 से लागू होगा।
खतरा
लेड और कैडमियन क्या है और ये कितने खतरनाक हैं?
लेड-कैडमियम प्राकृतिक धातु हैं, जो फसलें मिट्टी और पानी या खाद से सोखती हैं। यह आटे में कोई नहीं मिलाता, बल्कि प्राकृतिक तौर पर मिला होता है। यह मानव के शरीर में जमा होकर खतरा बनता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, लेड से कई अंगों पर असर पड़ सकता है, खासकर बच्चों के नर्वस सिस्टम पर और कैडमियम किडनी में जमा होता है।
FSSAI बाजार में बिकने वाले आटे में इन धातुओं की मात्रा कम करना चाहता है।
असुरक्षा
क्या बेसन खाना असुरक्षित है?
FSSAI के नए नियम का मतलब यह नहीं है कि बाजार में मिल रहा बेसन असुरक्षित है। नए नियम से अब बेसन बनाने वाली कंपनियों को जरूरी मानकों का पालन करना होगा।
उनको लेड और कैडमियम की जांच करनी होगी और उसे तय सीमा के अंदर ही रखना होगा, ताकि वह दालों की तरह ही सुरक्षित रहें।
आगे से पैकेट के बेसन में इस मानक का ध्यान रखा जाएगा। हालांकि, यह पैकेट में लिखा होगा या नहीं, यह पक्का नहीं।
जांच
कैसे होगी लेड-कैडमियम की जांच, क्या पैकेट में दिखेगा?
दोनों धातुओं को आटे के रंग, गंध, स्वाद या छू कर नहीं पहचान सकते। इनके लिए प्रयोगशाला में जरूरी टेस्ट होते हैं।
आटे के नमूने को एसिड से प्रोसेस करते हैं, एसिड आटे को घोल देता है और तब उसमें धातुओं की गिनती करता है। यह मिलीग्राम प्रति किलोग्राम में मापा जाता है।
1 दिसंबर से नए पैकेट पर कंपनी के नाम, कीमत और एक्सपायरी तारीख के साथ लेड और कैडमियम की मात्रा दिखेगी या नहीं, यह तय नहीं है।