गुजरात: सूरत में ज्वैलरी फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक में दम घुटने से 4 मजदूरों की मौत
क्या है खबर?
गुजरात के सूरत में बड़ा हादसा हुआ है। वहां के वराछा इलाके में रविवार सुबह एक ज्वैलरी फैक्ट्री के सेप्टिक टैंक की सफाई करने गए चार मजदूरों की जहरीली गैस के असर से दम घुटने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने मजदूरों को तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
घटना
क्या है पूरी घटना?
सूरत जोन-1 के पुलिस उपायुक्त (DCP) आलोक कुमार ने बताया कि वराछा इलाके में स्थित ज्वैलरी फैक्ट्री में सुबह 4 मजदूर सेप्टिक टैंक की सफाई करने उतरे थे। इस दौरान टंकी के अंदर मौजूद जहरीली गैस के असर से अचानक चारों मजदूरों का दम घुटने लगा और वह बेहोश हो गए। उन्होंने बताया कि सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद चारों मजदूरों को बाहर निकाला।
जांच
जांच में जुटी पुलिस
DCP आलोक ने बताया कि चारों मजदूरों को सेप्टिक टैंक से बाहर निकालने के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से SMIMER अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने चारों मजदूरों की जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया। मजदूरों की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में मातम छा गया। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।