दिल्ली में 4 दोस्तों ने गैंगरेप के बाद की नाबालिग की हत्या, कुत्तों ने नोचा शव
क्या है खबर?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक बेहद दिल दहला देने वाली और खौफनाक वारदात सामने आई है। मध्य दिल्ली इलाके में एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी की गैंगरेप के बाद चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को एक खुले मैदान में फेंक दिया, जहां आवारा कुत्तों ने शव के अंगों को नोच लिया। हालांकि, पुलिस ने इस वारदात का महज 72 घंटों में खुलासा कर 3 नाबालिगों समेत 7 आरोपियों को दबोच लिया।
वारदात
कब हुई थी यह जघन्य वारदात?
उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) शोभित सक्सेना ने बताया कि 13 सितंबर को स्वरूप नगर में कुशक रोड के पास एक खेत में शव पड़े होने की सूचना मिली।
पुलिस ने मौक पर पहुंचकर देखा तो शव क्षत-विक्षत था। आवारा कुत्तों ने शव के कई हिस्सों को खा लिया था। उसका दाहिना हाथ गायब था और सड़न के कारण चेहरा और पेट विकृत हो गए थे।
पहली नजर में शव का जेंडर (महिला या पुरुष) पहचानना भी नामुमकिन था।
जांच
पुलिस ने कैसे शुरू की जांच?
DCP सक्सेना ने बताया कि शव का मेडिकल कराने पर उसके नाबालिग किशोरी होने और उसके साथ गैंगरेप होने की पुष्टि हुई।
हालांकि, चौकाने वाली बात यह रही कि किशोरी के परिजनों ने कोई गुमुशदगी भी दर्ज नहीं कराई थी।
उसके बाद पुलिस ने परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम, हत्या और सबूत मिटाने को लेकर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज किया।
सफलता
आरोपियों तक कैसे पहुंची पुलिस?
DCP सक्सेना ने बताया कि मामले के खुलासा के लिए विशेष टीमों का गठन किया। उन्होंने इलाके के 50 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें घटनास्थल के आस-पास एक संदिग्ध टेम्पो नजर आया, लेकिन उसमें उसका नंबर साफ नहीं था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने 15-16 सितंबर की रात बड़ा तलाशी अभियान चलाकर टेम्पो चालक और वारदात के मुख्य आरोपी शिवम गणेश (19) को दबोच लिया। गहन पूछताछ के बाद आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तारी
शिवम की निशानदेही पर पुलिस ने 3 अन्य नाबालिग आरोपियों को भी दबोचा
शिवम ने पूछताछ में उसके 3 नाबालिग साथियों के शामिल होने का भी खुलासा किया और उनके घर का पता बताया। पुलिस जब उनके घर पहुंची तो वह फरार बताए गए। उसके बाद पुलिस ने जगह-जगह छापेमारी करते हुए उन्हें भी दबोच लिया। सभी नाबालिगों की उम्र 15 से 17 साल के बीच है।
पुलिस ने पूछताछ के बाद उनके पास से वारदात में काम लिए 2 चाकू और उनके खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए।
वारदात
आरोपियों ने कैसे दिया वारदात को अंजाम?
DCP सक्सेना ने बताया कि नाबालिग किशोरी और चारों आरोपी एक-दूसरे को जानते थे। घटना वाले दिन किशोरी अपने 17 वर्षीय दोस्त से मिलने गई थी। वहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने अपने 3 अन्य साथियों को बुला लिया और किशोरी को टेम्पो में अपने साथ ले गए।
उन्होंने बताया कि चारों ने टेम्पों में शराब पी और फिर किशोरी से गैंगरेप किया। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी।
बचाव
आरोपियों ने बचाव के लिए शव को खेत में फेंका
DCP सक्सेना ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों ने शव को शव को कुशक नगर के पास एक खाली खेत में फेंक दिया और उसे पत्तों और मिट्टी के नीचे छिपाने का प्रयास किया।
उसके बाद आरोपी टेम्पो में बैठकर भाग गए। DCP ने बताया कि क्षत-विक्षत शव को आवारा कुत्तों ने खोज लिया और उसके कई अंगों को खा गए। उसका एक हाथ भी शरीर से अलग मिला।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।