पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को मिली जान से मारने की धमकी
क्या है खबर?
पंजाब में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। रविवार (27 सितंबर) को सामने आई इस रिपोर्ट के मुताबिक, धमकी देने वाले कॉलर ने पाकिस्तान स्थित कुख्यात आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-झांगवी के नेता मलिक इसहाक के नाम का इस्तेमाल किया है। सूचना पर पुलिस ने धमकी वाले नंबर की जांच शुरू कर दी है और धमकी देने वाले का पता लगाया जा रहा है।
धमकी
धमकी में क्या दी गई है चेतावनी?
कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग के अनुसार, अज्ञात कॉलर ने बिट्टू से कहा कि उनके लिए 1 किलोग्राम का विस्फोटक उपकरण तैयार किया गया है, जिसका इस्तेमाल सही मौका मिलते ही किया जाएगा।
आरोपी ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए बिट्टू को अपनी औकात में रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि उनके लिए 'मिठाई का डिब्बा' तैयार है और अगले 5, 10 या 15 दिनों के भीतर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी
साथियों को भी अंजाम भुगतने की धमकी
ऑडियो के शुरुआती विवरण से पता चलता है कि आरोपी ने बिट्टू के साथ रहने वाले सुरक्षाकर्मियों और साथियों को भी अंजाम भुगतने की बात कही है। यह मामला अभी शुरुआती जांच में है और पुलिस विस्तृत विवरण जुटा रही है।
हमला
18 सितंबर को काफिले पर भी हुआ था हमला
बता दें कि 18 सितंबर को बिट्टू ने दावा किया था कि पंजाब के बटाला के पास आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले पर हमला किया था।
वह भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा शुरू की जा रही नशा-विरोधी यात्रा में शामिल होने पठानकोट जा रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया था कि 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ियों को घेरकर पत्थर और अंडे फेंके थे, जिससे 2 एस्कॉर्ट गाड़ियों और जैमर वाहनों के शीशे टूट गए थे।