पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का निधन, बेंगलुरु के अस्पताल में ली आखिरी सांस
क्या है खबर?
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा देवगौड़ा का शनिवार (18 जुलाई) को बेंगलुरु के पुरना हवाई अड्डा रोड स्थित मणिपाल अस्पताल में निधन हो गया। उनकी उम्र 80 वर्ष से अधिक थीं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उन्हें शनिवार दोपहर लगभग 4 बजे अचानक दिल का दौरा (कार्डिएक अरेस्ट) पड़ा, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की तमाम कोशिशें की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। आइए उनके स्वास्थ्य और पारिवारिक पृष्ठभूमि पर नजर डालते हैं।
बीमारी
सांस संबंधी बीमारी से जूझ रही थी चेन्नम्मा
चेन्नम्मा को सांस संबंधी बीमारी के कारण गत बुधवार रात बेंगलुरु के ओल्ड एयरपोर्ट रोड स्थित मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी तबीयत में सुधार हो रहा था, लेकिन अचानक आए गंभीर दिल के दौरे ने स्थिति को पूरी तरह से बदल दिया।
उनके अंतिम समय में पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा, उनके बेटे और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी और परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल में ही मौजूद थे।
स्तंभ
राजनीतिक परिवार का मुख्य स्तंभ रही थी चेन्नम्मा
साल 1954 में देवगौड़ा से शादी करने वाली चेन्नम्मा के 4 बेटे और 2 बेटियां हैं। उनके बेटों में केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी और हासन जिले के होलेनरसिपुर से विधायक एच डी रेवन्ना जैसे बड़े राजनेता शामिल हैं।
इतने बड़े राजनीतिक परिवार की सदस्य होने के बावजूद वह हमेशा सार्वजनिक चकाचौंध और मीडिया की सुर्खियों से दूर रहीं।
वह फरवरी 2001 में हुए एक जानलेवा तेजाब हमले में बच गई थीं। वह हमला पारिवारिक विवाद का नतीजा था।